खाद्य सुरक्षा विभाग ने पेड़ा की दुकानों पर की छापेमारी, मचा हड़कम्प
खाद्य सुरक्षा विभाग ने पेड़ा की दुकानों पर की छापेमारी, मचा हड़कम्प
-वृन्दावन की दुकानों पर पेड़ में नहीं मिला रत्ती भर भी खोआ, 16 दुकानदारों पर हुई कार्यवाही
मथुरा । ब्रज क्षेत्र में एक साल में आने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा लगभग 10 करोड़ से ऊपर पहुंच गया है, लगातार भीड बढ रही है और मौजूदा संसाधनों पर भी दबाव बढ़ रहा है, ऐेसे में महंगा सामान मिलेगा यह बात श्रद्धालु मन में विचार करके आते हैं लेकिन उनकी आस्था और सेहत के साथ इस कदर धोखा होगा, यह शायद किसी ने नहीं सोचा होगा, वह भी ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के आसपास और वृंदावन की उन कुंज गलियों में जहां आने वाले लोगों का सिर से झुक जाता है ।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर शिकंजा कस दिया है, वृन्दावन में श्री बांके बिहारी मंदिर के समीप पेड़ा और मिठाई की दुकानों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर 16 खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर किए गए हैं, इन दुकानदारों पर अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में मिठाई बेचने और उपभोक्ताओं को गुमराह करने के गंभीर आरोप हैं, सहायक आयुक्त (खाद्य) धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकानदार रिफाइंड पामोलीन ऑयल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और चीनी से बने पेड़े को श्शुद्ध खोयाश् का बताकर बेच रहे थे, उपभोक्ताओं को वास्तविक संघटक (कंपोजीशन) की जानकारी नही देकर अनफेयर ट्रेड प्रैक्टिस को बढ़ावा दिया जा रहा था, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि छापे के दौरान दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं थी, मिठाइयों का भंडारण अस्वास्थ्यकर और खुले स्थानों पर किया गया था, पूर्व में दिए गए नोटिस का जवाब नही देने और विभागीय आदेशों की अनदेखी करने पर इन सभी के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर कर दिया गया है, विभाग की इस कार्रवाई से तीर्थनगरी के मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है ।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आदेशों की अवहेलना और अनियमितताओं के लिए एफएसएस एक्ट 2006 के तहत 16 मिठाई की दुकानों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की है जिनमें शामिल नवनीत गोपाल मिष्ठान भंडार (नीलेश), पप्पू भईया पेड़े वाले (पंकज अग्रवाल), शिवम स्वीट्स (अनदीप कुमार), अग्रवाल मिष्ठान भंडार (हर्षित अग्रवाल), गिर्राज मिष्ठान भंडार (नीरज कुमार), कृष्णा पेडे़ वाले (मनोज कुमार), बृजवासी पेड़े वाला (पुरुषोत्तम दास अग्रवाल), श्री हरिदास मिष्ठान भंडार (सतीश चन्द्र वार्ष्णेय), सारस्वत पेड़ा प्रसाद वाले (रिषभ सारस्वत), ओमी बृजवासी मिष्ठान भंडार (ओम प्रकाश विश्नोई), टनाटन बृजवासी पेड़ा लस्सी वाले (मुन्ना लाल), गिर्राज जी पेड़े वाले (भगवान सिंह), गोपीचन्द पेड़े वाले (गोपीचन्द), गिर्राज जी पेड़े वाले (बिहारी लाल चौहान), गोपाल जी पेड़े वाले (प्रदीप शर्मा), पंडित जी पेड़े वाले (हेमन्त) एवं दिनेश गर्ग आदि हैं ।







.jpeg)









