द्वारकाधीश मंदिर में हुए गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव के दर्शन
द्वारकाधीश मंदिर में हुए गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव के दर्शन
मथुरा । दीपावली के बाद सोमवार को गोवर्धन पूजा का पर्व धूमधाम से मनाया गया, मथुरा के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी, पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि मंदिर के गोस्वामी श्री 108 डॉ. वागिश कुमार जी महाराज के आदेशानुसार मंदिर के सभी कार्यक्रमों का निर्धारण होता है और उसी के तहत आज प्रातः 10 बजे गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर के प्रांगण में हुआ ।
गाय के गोबर से गोवर्धन बनाकर मंदिर के मुखिया सुधीर कुमार व अन्य सभी ने विधिवत रूप से गोवर्धन की पूजा की, जिसमें दूध, दही, शहद, पूरी आदि से पूजा की गई और ठाकुर जी को भोग लगाया गया, उसके बाद मंदिर के सभी स्टाफ द्वारा गोवर्धन की परिक्रमा लगाई गई और इस अवसर पर देश-विदेश से आए सभी भक्तों ने खूब आनंद लिया, मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अभिमान का दमन किया था और उसी दिन से ब्रज में गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम प्रारंभ हुआ ।(88).jpg)
भगवान श्रीकृष्ण से पूर्व सभी ब्रजवासी इंद्र की पूजा करते थे जिसे देखकर भगवान ने इंद्र की पूजा करने से मना किया, इससे क्रोधित होकर इंद्र ने अपना प्रकोप दिखाते हुए पूरे ब्रज में भयंकर बरसात कराई। इस प्रलय रूपी बरसात से भगवान ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गिरिराज पर्वत उठाकर पूरे ब्रजमंडल की रक्षा की। इससे इंद्र का अभिमान चूर हुआ और इंद्र भगवान श्रीकृष्ण की शरण में आए। .png)
उसी दिन से निरंतर आज तक गोवर्धन पूजा होती चली आ रही है, गोवर्धन पर्वत उठाने से ठाकुर जी को जो श्रम हुआ, उसके लिए अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होता है, ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में सायंकाल चार बजे से आठ बजे तक अन्नकूट महोत्सव के दर्शन खुले, जिनके लोगों ने दर्शन कर लाभ लिया। इस अवसर पर विधायक श्रीकांत शर्मा मौजूद रहे, मंदिर के सभी अधिकारी व कर्मचारी पूरी व्यवस्था में लगे रहे और यह कार्यक्रम विधिवत रूप से ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में संपन्न हुआ ।















