प्रभारी मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, दिये निर्देश
प्रभारी मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, दिये निर्देश
-जनपद में 5 से 21 तक चलेगा समेकित जनकल्याण एवं जागरूकता अभियान
-विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को जनपद में लगाए जाएंगे 6 लाख 17 हजार पौधे
-केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर होंगे जनकल्याणकारी एवं जन-जागरूकता अभियान
-सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुचाना सभी की जिम्मेदारी-प्रभारी मंत्री
मथुरा । जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह की अध्यक्षता में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जनपद में आयोजित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जन जागरूकता अभियान से संबंधित कार्यक्रमों की तैयारियों के बारे में समीक्षा बैठक हुई, केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 से 21 जून तक जनपद में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के सफल संचालन के संबंध में विभिन्न विभागों द्वारा की गई तैयारियों, कार्य योजना आदि से संबंधित समीक्षा बैठक वृन्दावन स्थित गीत शोध संस्थान में हुई ।

प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने 5 से 21 जून तक प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार निर्धारित कार्य योजना पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से एक-एक कर की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि उक्त कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाये, निर्देश दिए कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आये सकारात्मक परिवर्तनों के बारे में प्रचार प्रसार किया जाए, सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के मूल भाव के अनुरूप सादगी, अनुशासन, ईधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए, उन्होंने कहा कि प्रदेश में समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सरकार के ऐतिहासिक विकास कार्यों से जनमानस को रुबरु करवाना एवं देश, प्रदेश एवं जनपद के विकास में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करवाना है ।
बैठक में डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित कराए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा को तैयार कर लिया गया है तथा संबंधित विभागों को निर्देशित कर दिया गया है। दिनांक 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर "एक पेड़ मां के नाम" की थीम पर वृहद वृक्षारोपण का अभियान चलाया जाएगा, उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत जनपद के सभी अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों के किनारे, नदी व नहर के किनारों, तहसीलों, ब्लॉकों, ग्राम पंचायतों, स्कूलों आदि में ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण किया जाएगा, जनपद में 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 617000 वृक्ष लगाए जाएंगे ।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता ने बताया कि 8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा जिसमें जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्धियां पहुंचाने को प्रबुद्ध वर्ग जैसे चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, उद्यमियों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं आदि से संपर्क एवं संवाद स्थापित किया जाएगा, प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि उक्त कार्य को प्राथमिकता से करना सुनिश्चित करे तथा सभी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित की जाए, सीडीओ ने बताया कि 11 से 14 जून तक मीडिया संबोधन एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों द्वारा सरकार की उपलब्धियां से संबंधित प्रेस वार्ताएं आयोजित होंगी, 14 से 16 जून तक जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा ।
बैठक में डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जनपद में “सखी अन्नपूर्णा किचन” का संचालन किया जा रहा है, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा घर जैसा शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन तैयार किया जाता है, इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है, भोजन को पर्यावरण अनुकूल पैकेजिंग में बिना प्लास्टिक के उपलब्ध कराया जाता है, जनपद में प्लास्टिक मुक्त ब्रज की रज अभियान संचालित है जिसके अंतर्गत ग्राम स्तर पर प्लास्टिक का कलेक्शन किया जाता है, उन्होंने बताया कि जनपद में पीएम सूर्य घर के अंतर्गत 4786, अमृत सरोवर 156, वृद्धा पेंशन 68704, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना 818, निराश्रित महिला पेंशन 51917, मुख्य मंत्री कन्या सुमंगल 9132, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य 242, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड 130, दिव्यांग पेंशन 14905 आदि की संख्या में लोगों को लाभांवित किया गया है, जिले में कुल 162 गौशाला है जिसमें 1,05,173 गौवंश संरक्षित है ।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सरकार की मंशा के अनुसार बाल विकास, जिला नगरीय विकास अभिकरण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बेसिक शिक्षा विभाग, एक जनपद एक उत्पाद, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, पी०एम०सूर्य घर, सोलर स्ट्रीट लाइट, बीकेएस ग्राम उन्नति योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, समस्त पेंशन योजना, माननीय मुख्यमंत्री जी सामूहिक विवाह योजना, आयुषमान योजना, जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण आदि योजनाओं से अधिकाधिक जनमानस को लाभांवित करे, सरकारी कार्यों का प्रदर्शनी के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाए एवं विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम-जनमानस को बताया जाए, 16 से 17 जून तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान सभी वर्गों के प्रबुद्धजनों द्वारा जनपद में भ्रमण की योजना बनाई जाए ।
इसी क्रम में 17 से 20 जून तक जनपद में विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा जिसमें जनपद के सभी विकास विभागों सहित समस्त जनकल्याणकारी विभागों द्वारा अपने विभाग की योजनाओं से संबंधित एवं उत्पादों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, आमजन को विगत 12 वर्षों में केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों के बारे में जागरूक करने के साथ-साथ विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, 18 से 19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं नकदी फसलों, फलों एवं फूलों की खेती करने हेतु जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें जागरूक किया जाए जिससे किसान को कृषि से अच्छी आय प्राप्त हो सके, 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बृहद योग शिविर का आयोजन किया जाएगा, आयुष विभाग के अधिकारियों को समस्त तैयारियां करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा, सभी विभाग त्वरित गति से अपने विभागीय कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें तथा सरकार की मंशा से जुड़कर जन कल्याणकारी योजनाओं को का लाभ आम जनमानस को दिलाया जाना सुनिश्चित करें, प्रभारी मंत्री द्वारा गीता शोध संस्थान परिसर में वृक्षारोपण किया गया ।
बैठक में सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, विधायक मांट राजेश चौधरी, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष राजू यादव के अलावा जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन, मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 पूजा गुप्ता, डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे ।







.jpeg)









