श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन होंगे सुगम, 470 करोड़ का प्लान तैयार
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन होंगे सुगम, 470 करोड़ का प्लान तैयार
-विप्रा ने तैयार की एलिवेटेड रोड, बस पार्किंग व सम्पर्क मार्ग विस्तार की योजना
-धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा-लक्ष्मी नागप्पन
मथुरा । भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की तैयारी है, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवस्थापना विकास का एक व्यापक प्लान स्वीकृत किया है, इसके तहत श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए एलिवेटेड रोड, बस पार्किंग एवं संपर्क मार्ग के विस्तार सहित अन्य जन सुविधाओं से सुसज्जित किया जाना शामिल है, इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को जाम से राहत, सुरक्षित आवागमन और बेहतर धार्मिक पर्यटन अनुभव के साथ ठाकुरजी के सुगम दर्शन कराना है ।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि और वृंदावन में प्रतिवर्ष देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसे देखते हुए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में कई महत्वपूर्ण अवस्थापना परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, इन परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक स्थलों तक पहुंच को आसान बनाना, महानगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना और श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसके तहत प्राधिकरण द्वारा महानगर के 17 प्रमुख तिराहों और चौराहों के जंक्शन इम्प्रूवमेंट का कार्य 50 करोड़ की लागत से किया जाएगा जिनमें टाउनशिप तिराहा, गोकुल तिराहा, कलेक्ट्रेट तिराहा, भूतेश्वर चौराहा, मंडी चौराहा, गोवर्धन चौराहा, गांधी पार्क तिराहा, प्रेम मंदिर जंक्शन, एसबीआई चौराहा, नया बस अड्डा तिराहा सहित अन्य प्रमुख जंक्शनों पर लेन सेपरेटर, डिवाइडर, रोटरी, साइनेज, रोड मार्किंग, ग्रिल, स्पीड ब्रेकर, फुटपाथ, वेंडिंग जोन के अलावा आवश्यकतानुसार पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी ।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए 3.5 किमी लम्बा एलिवेटेड रोड बनेगा, मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि गेट संख्या 3 तक लगभग 3.50 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण होना है, वर्तमान में यमुना एक्सप्रेस-वे,एनएच 530बी, एनएच-19, टाउनशिप और धौली प्याऊ की ओर से आने वाले श्रद्धालु टैंक चौराहा, एसबीआई तिराहा, नया बस स्टैंड और भूतेश्वर तिराहे से होकर जन्मभूमि पहुंचते हैं, यह मार्ग शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी जोड़ता है जिसके कारण यहां हमेशा भारी यातायात दबाव रहता है, इस मार्ग पर रेलवे अंडरपास होने और दोनों ओर पर्याप्त भूमि उपलब्ध न होने के कारण सड़क चौड़ीकरण संभव नहीं है, ऐसे में एलिवेटेड रोड सबसे व्यवहारिक समाधान माना गया है, इसके बनने से वर्तमान में 3.50 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगने वाला 30 से 40 मिनट का समय घटकर केवल 5 से 7 मिनट रह जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इस रोड पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे ।
मसानी कट स्थित कल्याण करोति हॉस्पिटल से रामलीला मैदान होते हुए महाविद्या कॉलोनी स्थित सीएम ग्रिड लिंक रोड तक लगभग 1050 मीटर लंबे लिंक मार्ग, पार्किंग, बाउंड्रीवाल और जनसुविधाओं का विकास किया जाएगा, वर्तमान में एनएच-19 से श्रीकृष्ण जन्मभूमि आने वाली अधिकांश बसें गोविंद नगर के संकरे मार्गों से होकर गुजरती हैं जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, स्थानीय निवासियों, पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है, इसी समस्या के समाधान के लिए लगभग 4 एकड़ प्राधिकरण भूमि पर विशेष रूप से बसों के लिए ओपन पार्किंग विकसित की जाएगी, पार्किंग तक पहुंचने के लिए 12.50 मीटर चौड़ा दो लेन लिंक मार्ग बनाया जाएगा, साथ ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले मार्ग को जोड़ने के लिए 30 फीट चौड़े मार्ग का निर्माण तथा स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए 7.50-7.50 मीटर चौड़े दो कैरिज-वे और दोनों ओर दो-दो मीटर चौड़े फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे, इससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को व्यवस्थित पार्किंग मिलेगी और जन्मभूमि तक पहुंचना अधिक सुगम होगा, इस पर करीब 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे ।
मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को दृष्टिगत रखते हुए यह परियोजनाएं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं, इनका उद्देश्य केवल यातायात सुधारना नहीं, बल्कि मथुरा-वृंदावन में श्रद्धालुओं की आवाजाही को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है, इन योजनाओं के क्रियान्वयन से धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा, इन सभी परियोजनाओं एक स्वीकृति मिल चुकी है, इनका प्रजेंटेशन मुख्यमंत्री जी के समक्ष किया गया है ।







.jpeg)









