मात्र आधा घंटे की बारिश में जलमग्न हुई वृन्दावन नगरी
मात्र आधा घंटे की बारिश में जलमग्न हुई वृन्दावन नगरी
-करोड़ो के विकास के दावों के बावजूद जलभराव से सिसक रही है धर्म की नगरी
-जन्माष्टमी के बाद फिर तालाब बनी सड़कें, नाले के गंदे पानी से होकर निकले श्रद्धालु
वृंदावन । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और नंदोत्सव का उल्लास खत्म होते ही रविवार को बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी, बारिश के बाद धर्मनगरी के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख इलाके जलमग्न हो गए, रास्तों पर कई फुट तक पानी भर गया, सड़कें तालाब में तब्दील नजर आईं और श्रद्धालुओं को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, जन्माष्टमी और नंदोत्सव के अवसर पर सुदूर क्षेत्रों से वृंदावन पहुंचे श्रद्धालुओं को जलभराव के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा ।

(175).jpg)
रविवार को करीब आधा घंटा से अधिक समय की बारिश से मथुरा दरवाजा, रंगजी मंदिर मार्केट, गोपीनाथ बाजार, दाऊजी मोड़, परिक्रमा मार्ग और टटिया स्थान सहित कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, बाजारों में दुकानों के सामने पानी भरने से व्यापारी भी परेशान नजर आए, स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्व के दौरान नगर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई ।
गोपीनाथ बाजार के व्यापारी सोनू ने कहा कि जन्माष्टमी जैसे बड़े पर्व पर भी नगर निगम जलभराव की समस्या से निपटने में नाकाम रहा, वहीं व्यापारी मदन मोहन ने कहा कि विकास के नाम पर नगर निगम करोड़ों रुपये खर्च कर चुका है लेकिन गोपीनाथ बाजार और रंगजी मंदिर मार्केट की वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है, व्यापारियों के मुताबिक जलभराव के दौरान कई घंटे तक विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित रहती है, इससे दुकानों का कारोबार ठप होने के साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है, बारिश के बाद जलभराव की तस्वीरों ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था और विकास कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं ।







.jpeg)









