राधाष्टमी : डीएम एवं एसएसपी ने व्यवस्थाओं को लेकर की ब्रीफिंग
राधाष्टमी : डीएम एवं एसएसपी ने व्यवस्थाओं को लेकर की ब्रीफिंग
मथुरा । बरसाना में राधाष्टमी का उल्लास देखते ही बनता है, हर कोई राधारानी के जन्मोत्सव की खुशियों सराबोर है, पूरा बरसाना मानो सांसें थामे लाडली जू के जन्मक्षण की प्रतीक्षा कर रहा था, नगरी की आभा, भक्तों की उत्कंठा और भक्ति की उमंग, इस रात को अविस्मरणीय बना रही थी, बरसाना में जन्मोत्सव से पूर्व की रात वृषभानु की नगरी अनुपम छटा बिखेर रही थी, सांझ ढली, गलियां रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठीं, राधाष्टमी महोत्सव को लेकर बरसाना में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है ।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में स्थानीय एवं गैर जनपद से आए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत रणनीति तय की, देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 7 सुरक्षा जोन और 33 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, प्रत्येक जोन और सेक्टर में मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती रहेगी ।.jpg)
बैठक में श्रद्धालुओं के सुगम व सुरक्षित दर्शन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन व्यवस्थाओं और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, प्रशासन ने बरसाना के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के साथ पार्किंग स्थलों को भी चिन्हित कर दिया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, बैठक के बाद डीएम और एसएसपी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, अधिकारियों को आपसी समन्वय, संवेदनशीलता और पूर्ण मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए ।
बरसाना के लिए परिवहन निगम की 10 बसें और संचालित की जाएंगी, हालांकि पहले निगम ने राधा अष्टमी पर 160 बसें लगाने का निर्णय लिया था, जरूरत पडने पर बसों की संख्या और फेरे बढाए जा सकते हैं, पर्व के दौरान भीड और यातायात की स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग बसों के फेरे बढाने पर भी निर्णय ले सकता है, प्रभारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार यादव ने बताया कि यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, आवश्यकता पडने पर बसें बढाई जा सकती हैं ।



















