सार्वजनिक स्थानों पर कूडा फैंकने पर नगर निगम वसूलेगा जुर्माना
सार्वजनिक स्थानों पर कूडा फैंकने पर नगर निगम वसूलेगा जुर्माना
-नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, जीवीपी की सफाई एवं जीपीएस फोटो अनिवार्य
मथुरा । शहर में उत्कृष्ट एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त द्वारा नगर स्वास्थ्य अधिकारी, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों एवं सभी सफाई निरीक्षकों के साथ बैठक कर सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई, बैठक में नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग प्रतिदिन सुबह से फील्ड में रहकर सुनिश्चित की जाए, सफाई निरीक्षक प्रातः जल्दी अपने क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करें तथा सफाई कर्मियों की उपस्थिति एवं उनके कार्यों का भी नियमित रूप से अवलोकन करेंगे।.jpg)
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने शहर में स्थित सभी जीवीपी एवं डलाव घरों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, सभी सफाई निरीक्षकों को अपने अपने क्षेत्र के जीवीपी की प्रातः 9 बजे तक सफाई कराना तथा सफाई के बाद की जीपीएस लोकेशनयुक्त फोटो निर्धारित डिजिटल फॉर्म में अपलोड करना अनिवार्य किया गया है, जीवीपी एवं डलाव घरों की सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित किया गया है, इसके अंतर्गत सफाई निरीक्षकों द्वारा प्रत्येक जीवीपी एवं डलाव घर की सफाई के बाद फोटो निर्धारित फॉर्म में अपलोड की जाएगी ।
प्राप्त जानकारी के आधार पर स्वचालित रूप से रिपोर्ट, पीडीएफ तैयार होगी जिससे यह मॉनिटर किया जा सकेगा कि कितने डलाव घरों की सफाई हुई, कितने स्थान शेष हैं तथा कौन-कौन से पॉइंट पूरी तरह साफ किए गए हैं, इस डिजिटल व्यवस्था से क्षेत्रवार सफाई की वास्तविक स्थिति की नियमित एवं पारदर्शी निगरानी संभव होगी तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई भी की जा सकेगी, नगर निगम का लक्ष्य है कि नियमित फील्ड मॉनिटरिंग, डिजिटल निगरानी और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से मथुरा वृंदावन की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं व्यवस्थित बनाया जाए ।
नगर आयुक्त ने सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में केवल सफाई कर्मियों की ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों एवं दुकानदारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है, उन्होंने अधिकारियों एवं सफाई निरीक्षकों से कहा कि वे पूरे मनोयोग एवं जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में योगदान दें, कहा कि फील्ड में कार्य करते समय किसी भी प्रकार की समस्या, संसाधन या अन्य आवश्यकता सामने आती है तो उसे तत्काल संज्ञान में लाया जाए, ताकि उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके ।



















