प्रिया वल्लभ कुंज में धूमधाम से सम्पन्न हुआ जन्म महोत्सव
प्रिया वल्लभ कुंज में धूमधाम से सम्पन्न हुआ जन्म महोत्सव
वृन्दावन । छीपी गली स्थित ठा0 प्रियावल्लभ कुंज में श्रीहित उत्सव चौरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में चल रहे पंच-दिवसीय श्रीराधा जन्म महोत्सव के अंतर्गत सितार वादक ऋतु तिवारी के द्वारा सितार वादन किया गया, तत्पश्चात मंगल बधाई समाज गायन सम्पन्न हुआ जिसमें श्रीहित परमानंद दास महाराज की वाणियों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया गया। .jpg)
सन्त रामदास ने कहा कि श्रीहित परमानंद दास श्रीराधा वल्लभ सम्प्रदाय की बहुमूल्य निधि थे, उनके साहित्य में ब्रज-वृन्दावन का विवेचन वृहद स्तर पर है इसलिए उनका साहित्य ब्रज की अनमोल थाती है, श्रीहित परमानंद शोध संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष व ठाकुरश्री प्रियावल्लभ मन्दिर के सेवायत आचार्य विष्णु मोहन नागार्च एवं हित उत्सव चेरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष आचार्य ललित वल्लभ नागार्च ने कहा कि प्रिया वल्लभ कुंज 18 वीं शताब्दी के रससिद्ध वाणीकार श्रीहित परमानंद दास की साधना स्थली है ।
प्रोफेसर डॉ0 नृत्य गोपाल शर्मा एवं डॉ0 राजेश शर्मा ने कहा कि श्रीहित परमानंद शोध संस्थान अपने विभिन्न क्रिया कलापों के द्वारा ब्रज के प्रख्यात रसिक वाणीकारों को संरक्षित व उनका प्रकाशन करके अति महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है, श्रीराधा वल्लभ सम्प्रदायाचार्य आचार्य गोस्वामी सुकृत लाल को श्रीहित परमानंद सम्मान, डॉ0 सारिका शुक्ला को हित निधि सम्मान एवं श्रीराधावल्लभ लाल का फूल कलि द्वारा श्रृंगार बनाने वाली बहिनों को फूल श्रृंगार सेवी सम्मान से अलंकृत किया गया, पार्षद रसिक वल्लभ नागार्च आदि ने सभी सम्मानित विभूतियों को प्रशस्ति पत्र, ठा0 प्रिया वल्लभ लाल जी का चित्रपट, पटुका प्रसादी माला, शॉल, श्रीफल आदि भेंट कर सम्मानित किया ।



















