भाजपा को चुनाव से पहले आई बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की याद
भाजपा को चुनाव से पहले आई बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की याद
-बूथ की मजबूती से संगठन को मिलेगी नई धार, मतदाता सूची पुनरीक्षण
मथुरा । लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी मथुरा महानगर की जिला स्तरीय कार्यशाला बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय पुष्पांजलि में आयोजित की गई, कार्यशाला में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने, नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने पर विस्तार से मंथन हुआ ।.jpg)
कार्यशाला को संबोधित करते हुए ब्रज क्षेत्र संगठक अभय कुमार गिरि ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद आवश्यक है, संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करना चाहिए, विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं पहली बार मतदान करने जा रहे नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, उन्होंने कहा कि बूथ की मजबूती ही संगठन की असली ताकत है।
महानगर प्रभारी पवन शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को संगठनात्मक जिम्मेदारी समझते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता गंभीरता से जुटे, बीएलए एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर नए मतदाताओं के पंजीकरण, नामों में संशोधन और मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर कराने का कार्य करें। इसके लिए घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को जागरूक किया जाए।महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि मथुरा महानगर में अभियान को बूथ स्तर तक व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय कर अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समर्पण भाव के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
वहीं भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि आगामी 27 नवंबर को संत रविदास यात्रा मथुरा पहुंचेगी, यात्रा के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा तथा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा का मथुरा में प्रवास भी रहेगा, उन्होंने बताया कि यात्रा के स्वागत एवं आयोजन को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, कार्यशाला में महानगर उपाध्यक्ष संजय शर्मा, चेतन स्वरूप पाराशर, पूर्व महामंत्री मुकेश खंडेलवाल एवं नितिन शर्मा मंचासीन रहे, कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राजू यादव ने की, संचालन महानगर मंत्री दीपक गोला ने किया, महानगर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र राणा, विनीत शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रधान, रामकिशन पाठक, योगेश आवा सहित सभी मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।















