नगर निगम : सफाईकर्मियों की हड़ताल, सफाई व्यवस्था चरमराई
नगर निगम : सफाईकर्मियों की हड़ताल, सफाई व्यवस्था चरमराई
-रविवार को हडताल पर जाने के साथ ही तिराहे और चौराहों पर लग गये कूडे के ढेर
मथुरा । कान्हा की नगरी में सफाई कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल के चलते शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है, नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच चल रहे विवाद का असर अब शहर की सड़कों और प्रमुख चौराहों पर दिखाई देने लगा है, शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, शहर के प्रमुख चौराहों के साथ-साथ हृदय स्थल होली गेट पर भी कूड़ा जमा दिखाई दे रहा है ।
सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के कारण गंदगी बढ़ती जा रही है और कूड़े से उठने वाली दुर्गंध ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है, बताया जा रहा है कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे हैं, उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर एकता मंच की ओर से नगर निगम को दिए गये पत्र में 540 प्रशिक्षित सफाईकर्मियों सहित कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, मानदेय भुगतान, निजीकरण समाप्त करने और स्थायी नियुक्ति समेत कई मांगें उठाई गई हैं ।
संगठन का आरोप है कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व में भी आश्वासन दिए गए लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, इसी के चलते कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करते हुए काम बंद हड़ताल का निर्णय लिया है, वहीं सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है, प्रमुख बाजारों और चौराहों पर कूड़ा जमा होने से स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी बढ़ रही है, लोगों का कहना है कि प्रशासन और कर्मचारियों के बीच चल रहे विवाद का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, अब नजर इस बात पर है कि नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मचारी संगठन के बीच बातचीत से समाधान निकलता है या सफाई कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल आगे भी जारी रहती है ।.png)



















