भाजपा में दिग्गजों के लिए मुश्किल खड़ी कर गया निकाय चुनाव
भाजपा में दिग्गजों के लिए मुश्किल खड़ी कर गया निकाय चुनाव
-जनपद की 13 में से चार नगर पंचायतों पर ही जीत हांसिल कर सकी भाजपा
मथुरा । प्रदेशभर के साथ जनपद मथुरा में भी पंचायत चुनाव छह महीने के लिए टल गये हैं, राजस्थान के पंचायत चुनावों में भाजपा को मिली करारी हार के बाद यूपी में पंचायत चुनावों को खिसकाने पर अब लोगों के स्वर मुखर हो रहे हैं, विपक्षी दल अब इस बात को हवा दे रहे हैं कि हार के डर से सरकार पंचायत चुनावों को लगातार पीछे खिसका रही है, फोकस गांव के मतदाताओं पर है, इस बीच शहर के मतदाताओं को भुला दिया गया है जो भाजपा की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं ।
विगत निकाय चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन चिंता जनक रहा था, इसके बाद मथुरा वृंदावन नगर निगम में मेयर विनोद अग्रवाल को लेकर खुद पार्टी के अंदर ही संतुष्टि का भाव नहीं है, नगर निकाय चुनाव दिग्गजों के लिए मुश्किल खड़ी कर गए, मथुरा जनपद की 13 नगर पंचायतों में से मात्र चार में ही भाजपा जीत दर्ज कर सकी है और नौ में हार का सामना करना पडा, गोकुल नगर पंचायत में संजय दीक्षित रिपीट हुए, उन्होंने लगातार दूसरी बार गोकुल नगर पंचायत पद पर जीत हासिल कर रिकॉर्ड बनाया, संजय दीक्षित जीत हासिल नहीं कर पाते तो आंकड़े और खराब होते ।
सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा सूत्रों का कहना है कि चुनाव परिणाम आने के बाद हार के कारणों की समीक्षा जरूर होगी और जिम्मेदारी भी तय की जाएगी, पहली बार विधायक बने ठाकुर मेघश्याम की यह पहली अग्नि परीक्षा थी जिसमें वह खरे नहीं उतरे गोवर्धन क्षेत्र में भाजपा के विधायक ठाकुर मेघश्याम का जादू नहीं चल सका है, गोवर्धन नगर पंचायत में निर्दलीय प्रभा देवी को जीत मिली, हालांकि राधाकुंड में भाजपा से रामफल मुंशी और सौंख नगर पंचायत में भाजपा से योगेश नंबरदार जीते हैं।
भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के बलदेव विधानसभा क्षेत्र की बलदेव नगर पंचायत में भाजपा को करारी हार मिली, राया में भाजपा प्रत्याशी चुनौती ही पेश नहीं कर सके, विधायक राजेश चौधरी भी मांट विधान सभा से चुनाव जीत कर पहली बार विधानसभा पहुंचे, वह भी अपने क्षेत्र की बाजना नगर पंचायत की सीट नहीं जिता सके, भाजपा के खाते में एक नगर निगम, एक नगर पालिका और चार नगर पंचायत गई हैं, पार्टी का पूरा फोकस नगर निगम सीट पर था, खुद मुख्यमंत्री ने भी मथुरा के सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज के मैदान पर भाजपा के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे थे, इसके बाद भी नगर पंचायतों में भाजपा का जादू नहीं चल सका ।
राष्ट्रीय लोकदल, आम आदमी पार्टी और एक बसपा ने भी एक-एक नगर पंचायत जीती, आधा दर्जन नगर पंचायतों पर निर्दलियों ने कब्जा किया है, यह सब इसके बावजूद है जब प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, राज्यसभा सदस्य चौधरी तेजवीर सिंह, बाल विकास आयोग के पूर्व अध्यक्ष डा0 देवेन्द्र शर्मा, एमएलसी ठा0 ओमप्रकाश सिंह, सांसद हेमा मालिनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, विधायक राजेश चौधरी, विधायक ठा0 मेघश्याम सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक एवं पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा जैसे दिग्गज अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने को मैदान में उतरे थे ।















