क्षय रोग : जनपद में युवाओं की ताकत बनेगी जोश टीम
क्षय रोग : जनपद में युवाओं की ताकत बनेगी जोश टीम
-गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता का संदेश, अभियान को मिलेगी युवाओं की ताकत
मथुरा । टीबी उन्मूलन की मुहिम को जनभागीदारी से मजबूत करने के लिए अब युवाओं की संगठित ताकत लगेगी, इसके लिए जोश टीम का गठन किया जा रहा है, यह टीम गांवों और शहरी क्षेत्रों में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही लोगों को समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करेगी, प्रत्येक जोश टीम में एक क्लास-I नोडल अधिकारी के नेतृत्व में पांच माई भारत स्वयंसेवक और पांच एनसीसी कैडेट शामिल होंगे ।.jpg)
राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने जिले के अलग-अलग ब्लॉकों के लिए एक क्लास-I नोडल अधिकारियों को नामित किया है, उनके संचालन के लिए ब्लॉकवार क्लास-वन नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है, इनमें मथुरा-वृंदावन के लिए जिला उद्यान अधिकारी, बलदेव के लिए सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता, फरह के लिए जिला समन्वयक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, चौमुहां के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी, छाता के लिए परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, गोवर्धन के लिए जिला कार्यक्रम समन्वयक, मनरेगा, नंदगांव के लिए उप कृषि निदेशक, मांट के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, नौहझील के लिए जिला विकास अधिकारी तथा राया के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी को क्लास-वन नोडल अधिकारी नामित किया गया है ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 राधा वल्लभ ने बताया कि जोश टीम के संचालन में क्लास-I नोडल अधिकारी की अहम भूमिका होगी, वे टीम का नेतृत्व और मार्गदर्शन करने के साथ मासिक माइक्रोप्लान तथा साप्ताहिक गतिविधि कार्यक्रम तैयार करेंगे, इसके तहत जनजागरूकता, लोगों को जांच के लिए प्रेरित करना, स्क्रीनिंग शिविरों में सहयोग, मरीजों का फॉलोअप और गतिविधियों की रिपोर्टिंग जैसे कार्य किए जाएंगे। टीम के कार्यों की समीक्षा के लिए नियमित साप्ताहिक बैठक भी होगी, उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा ।
पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं को भी इससे जोड़ा जाएगा, इसका उद्देश्य टीबी जागरूकता को केवल शिविरों तक सीमित नही रखकर समुदाय के बीच निरंतर पहुंचाना है, टीम के सदस्य रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, दीवार लेखन और अन्य सूचना शिक्षा संचार गतिविधियों के माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षणों, बचाव, समय पर जांच और नियमित उपचार के महत्व की जानकारी देंगे, वे लोगों को उपचार बीच में न छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे, साथ ही स्क्रीनिंग शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और निक्षय मित्र बनने के लिए समुदाय को प्रोत्साहित करने में भी सहयोग करेंगे, टीबी उन्मूलन अभियान को अब युवाओं की ताकत मिलेगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ0 संजीव यादव ने बताया कि जोश टीम की गतिविधियों की निगरानी और रिपोर्टिंग के लिए टीबी मुक्त भारत ऐप मॉड्यूल का उपयोग किया जाएगा, इसके माध्यम से टीम के सदस्य अपनी गतिविधियों का विवरण, फोटो और स्थान सहित आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे, क्लास-I नोडल अधिकारी ऐप पर प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा करेंगे, अभियान के दौरान नियमित पर्यवेक्षण भ्रमण भी किए जाएंगे, ताकि कार्यों की प्रगति का आकलन करने के साथ स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सके।
उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ0 एस0 पी0 राठौर ने बताया कि क्षेत्रीय पर्यवेक्षक संबंधित क्लास-I नोडल अधिकारियों से संपर्क कर टीम गठन और ऐप के उपयोग की प्रक्रिया समझा रहे हैं, टीम के सदस्यों के मोबाइल नंबर पहले ही पंजीकृत कराए जा चुके हैं, अब सदस्य ऐप पर ओटीपी के माध्यम से लॉगिन प्रक्रिया पूरी कर अपनी गतिविधियों की रिपोर्ट दर्ज कर सकेंगे, जिला कार्यक्रम समन्वयक शिव कुमार ने बताया कि जिला युवा अधिकारी की ओर से 50 माई भारत स्वयंसेवकों और एनसीसी की 10वीं और 11वीं बटालियन के कमांडेंट द्वारा 50 एनसीसी कैडेटों की सूची उपलब्ध कराई गई है ।















