पुलिस ने दबोचा मोर के शिकारी हरियाणा का युवक, कट्टे में मिला शव
पुलिस ने दबोचा मोर के शिकारी हरियाणा का युवक, कट्टे में मिला शव
मथुरा । जनपद के थाना छाता क्षेत्र के अंतर्गत गांव तरौली जनूबी में एक राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का मामला सामने आया है, पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के फरीदाबाद निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है, आरोपी के कब्जे से एक मृत मोर बरामद हुआ है, जिसे वह प्लास्टिक के कट्टे में भरकर ले जाने की फिराक में था, जानकारी के अनुसार, घटना 19 फरवरी की रात करीब 8 बजे की है, ग्राम तरौली जनूबी के ग्रामीणों ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा ।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने डंडे से प्रहार कर पेड़ पर बैठे मोर को मार गिराया था, जब वह मृत मोर को एक प्लास्टिक के कट्टे में भर रहा था, तभी ग्रामीणों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी, सूचना पर बीट प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजेंद्र उर्फ बीरेंद्र (25 वर्ष), पुत्र ज्ञान सिंह बताया जो डबुआ कॉलोनी, थाना डबुआ, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) का रहने वाला है, तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से एक नर मोर का शव बरामद हुआ ।
डीएफओ वेंकटा श्रीकर पटेल ने बताया पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मृत मोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9/39/51 के तहत मामला दर्ज किया गया है, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के चेहरे पर चोट के निशान भी पाए गए जिसके बारे में उसने बताया कि भागते समय गिरने के कारण उसे ये चोटें आईं, गिरफ्तार करने वाली टीम में वन दरोगा ओमवीर राघव, प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे ।







.jpeg)















