विदेशी सैलानियों को आकर्षित कर रही है जोधपुर झाल
विदेशी सैलानियों को आकर्षित कर रही है जोधपुर झाल
-जोधपुर झाल वेटलैंड को विकसित कर रहा उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद
मथुरा । ब्रज की रज में बसा प्रवासी पक्षियों का रंगीन संसार इन दिनों देश विदेशी पर्यटकों का मन मोह रहा है, दूर देशों से आए रंग बिरंगे परिंदों की मनमोहक दुनिया देखते ही बन रही है, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा वन विभाग के सहयोग से विकसित हो रहे जोधपुर झाल वेटलैंड पर प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों की चहचहाहट विदेशी सैलानियों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है, इंग्लैंड के वन्यजीव फोटोग्राफर ऐश्ले बून ने जब दिल्ली में जोधपुर झाल के बारे में सुना तो वे स्वयं को यहां आने से रोक नहीं पाए ।
नेचर गाइड गजेन्द्र सिंह एवं टूर ऑपरेटर वी. गोस्वामी के साथ वे जोधपुर झाल वेटलैंड पहुंचे और पक्षी दर्शन का आनंद लिया, ऐश्ले बून ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, मैं वन्यजीव फोटोग्राफर हूं, मैंने जितना सुना था, यह वेटलैंड उससे कहीं अधिक सुंदर और समृद्ध है, मात्र दो घंटे में मैंने यहाँ अनेक प्रजातियों के पक्षी देखे। यह मेरी यात्रा का अत्यंत अद्भुत और सुखद अनुभव है, जोधपुर झाल वेटलैंड से जुड़े बीआरडीएस संस्था के ईकोलॉजिस्ट डॉ. केपी सिंह ने बताया कि यह वेटलैंड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है और प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल आवास के रूप में विकसित हो रहा है, बताया कि इंग्लैंड के वन्यजीव फोटोग्राफर ऐश्ले बून ने उनके साथ भी अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में यहां दिखाई दे रहे प्रमुख प्रवासी पक्षियों में नॉर्दर्न पिनटेल, नॉर्दर्न शोवलर, गेडवाल, बार-हेडेड गूज, ग्रे-लैग गूज, कॉमन टील, टफ्टिड डक, कॉमन पोचार्ड, कॉमन कूट, सिट्रिन वैगटेल, ब्लूथ्रोट, साइबेरियन स्टोनचौट, ग्रेटर स्पॉटेड ईगल तथा मार्श हैरियर प्रमुख हैं, जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, विकास परिषद के पर्यावरण सलाहाकार मुकेश शर्मा ने बताया कि ब्रज क्षेत्र में प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण एवं ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में मथुरा आगरा जनपद सीमा पर फरह के निकट स्थित जोधपुर झाल वेटलैंड एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभर रहा है, यह न केवल जैव विविधता को संरक्षित कर रहा है, बल्कि स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है, वन विभाग के साथ समन्वय कर परिषद द्वारा जोधपुर झाल पर सतत विकास कार्य किए जा रहे हैं ।






.jpeg)















