दानघाटी मंदिर के आसपास चलाया गया अतिक्रमण अभियान
दानघाटी मंदिर के आसपास चलाया गया अतिक्रमण अभियान
गोवर्धन (मथुरा) । गिरिराज तलहटी में दानघाटी मंदिर क्षेत्र में थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, दानघाटी मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं, मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर अवैध रूप से दुकानें लगाए जाने से श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी हो रही थी, पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया ।

न्यायालय के आदेशानुसार श्रद्धालुओं और भक्तजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के मुख्य द्वार पर दुकानें लगाने पर प्रतिबंध लगाया गया है ताकि दर्शन और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नही हो, इसके बावजूद कुछ दुकानदार मुख्य द्वार के आसपास दूध, प्रसाद एवं अन्य सामग्री की दुकानें लगा रहे थे जिससे श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दानघाटी मंदिर के आसपास लगी अस्थाई दुकानों को हटवाया और दुकानदारों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी ।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, इस दौरान पुलिस ने कस्बे में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का एहसास भी कराया, मंदिर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई, यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त कराया गया, क्राइम इंस्पेक्टर शिव दोहरे, इंस्पेक्टर हरेंद्र मलिक, कस्बा इंचार्ज मोहनलाल शर्मा, महिला उपनिरीक्षक विनय बौद्ध सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा, सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया की न्यायालय के आदेशों का पालन कराते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है, कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है, भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा, यदि कोई व्यक्ति दोबारा अतिक्रमण करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।







.jpeg)









