गंगा दशहरा को लेकर नगर निगम ने शुरू की तैयारियां
गंगा दशहरा को लेकर नगर निगम ने शुरू की तैयारियां
-नगर आयुक्त ने अधिकारियों संग की बैठक, तैयारियों के दिए सख्त निर्देश
मथुरा । आगामी गंगा दशहरा पर्व को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा नगर निगम के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये, उन्होंने निर्देशित किया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं तथा सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने घाटों पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करें ।
बैठक में यमुना नदी के दोनों किनारों पर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, गोताखोर एवं स्टीमर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह को घाटों पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए, श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए, गहरे जल वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक एवं सूचना बैनर लगाए जाने के निर्देश दिए गए, वहीं महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए पूर्णतः ढके हुए पृथक चेंजिंग रूम स्थापित करने को कहा गया। घाटों के दोनों ओर खोया-पाया शिविर स्थापित किए जाने के निर्देश भी दिए गए ।
महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु टैंकर एवं मोबाइल टॉयलेट्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। घाटों एवं संपर्क मार्गों पर वॉटर लॉगिंग की समस्या से निपटने के लिए विशेष प्रबंध करने को कहा गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल सिंह को घाटों एवं संबंधित मार्गों पर उच्च स्तरीय सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा नियमित चूना छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए, अवर अभियंता (लाइट) शैलेश को घाटों एवं मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव को निर्देशित किया कि घाटों एवं मार्गों पर किसी भी प्रकार के अवैध होर्डिंग एवं बैनर न लगे रहें, इसके अतिरिक्त पुरुषोत्तम मास को ध्यान में रखते हुए परिक्रमार्थियों की सुविधा हेतु परिक्रमा मार्ग पर रेत बिछाने का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए, साथ ही पूरे परिक्रमा मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी, सहायक नगर आयुक्त श्रीमती कल्पना सिंह चौहान, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह, महाप्रबंधक जल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, सहायक अभियंता जल हमेंद्र गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामगोपाल सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी महेश चंद्र, सहायक अभियंता शशांक सिंह, अवर अभियंता निर्माण अरुण कुमार, अवर अभियंता विद्युत यंत्रकी शैलेश, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेश चंद्र, सफाई निरीक्षक राजकुमार लवानिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।







.jpeg)









