अधिक मास : ब्रज क्षेत्र में चहुंओर दिखाई दे रहा है आस्था का सैलाब
अधिक मास : ब्रज क्षेत्र में चहुंओर दिखाई दे रहा है आस्था का सैलाब
-जिला प्रशासन सतर्क, पूरे जिले को सुपर जोन में बांट कर मजिस्ट्रेट किये गये हैं तैनात
-डीएम के निर्देश पर 24 घंटे अलर्ट मोड पर सभी विभाग, लापरवाही पर सख्त कार्यवाही
मथुरा । डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिक मास के अवसर पर ब्रज 84 कोस परिक्रमा, वृंदावन परिक्रमा, गोवर्धन परिक्रमा, बरसाना परिक्रमा, मथुरा परिक्रमा आदि के संबंध में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली, अधिक मास 15 जून तक रहेगा, पर्व के अवसर पर लाखों, करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा ब्रज 84 कोस परिक्रमा लगाई जाती है, उन्होंने श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं परिक्रमार्थियों की सुविधाओं के लिए ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए ।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया है कि अधिक मास के दृष्टिगत जनपद को सुपर जोन में विभाजित किया गया है, गोवर्धन परिक्रमा के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, बरसाना परिक्रमा के लिए एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, वृन्दावन परिक्रमा के लिए एडीएम नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, गोकुल बलदेव मांट क्षेत्र के लिए एडीएम न्यायिक वेद प्रिय आर्य, शहरीय (मथुरा क्षेत्र) के लिए नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा तथा अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह को लगाया गया है, इन अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं को सुदृढ़ व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है ।
डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंधी तूफान एवं वर्षा के दृष्टिगत हुए सभी फॉल्ट को सही कराते हुए ब्रज 84 कोस परिक्रमा पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करे, उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिलाधिकारी ने सभी तैनात मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि पेयजल एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाए, उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत आदि के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण परिक्रमा मार्ग पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करते रहे, मोबाइल टॉयलेट स्थाई टॉयलेट की व्यवस्था की जाए तथा दिशा सूचक चिन्ह लगाए जाए, उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर कैंप पर चिकित्सकों व स्टाफ की उपलब्धता तथा 24 घंटे एम्बुलेंस की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
जिलाधिकारी ने एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र प्रकाश को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के दृष्टिगत सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें, सीसीटीवी कैमरा, बैरियर, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन व पर्याप्त पुलिस बल की तैनात इसी प्रकार बरकरार रखने के निर्देश दिए, पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अपने अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से गस्त करते रहे, अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा सोशल मीडिया पर पैनी निगरानी सुनिश्चित करें, जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि कूड़े को कूड़ेदान में डाले, उन्होंने भंडारे लगाने वालों से भी अनुरोध किया कि अपने आसपास साफ सफाई सुनिश्चित करें तथा दोना, पत्तल, गिलास, थाली आदि को एकत्रिक करते हुए कूड़ादान में डलवाए, उन्होंने ने कहा कि श्रद्धालुओं को परिक्रमा लगाने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए ।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, शेड, साफ सफाई, भोजन, भंडारा, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, प्रमुख पड़ाव स्थलों, मुख्य मार्गों, सड़कों आदि के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए, बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे ।







.jpeg)









