चंद्रोदय मंदिर में हरिनाम संकीर्तन के साथ शुरू हुआ कार्तिक उत्सव
चंद्रोदय मंदिर में हरिनाम संकीर्तन के साथ शुरू हुआ कार्तिक उत्सव
-श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र के समक्ष बड़ी संख्या में भक्तों ने किया दीपदान
वृंदावन । कार्तिक मास की आध्यात्मिक महिमा एवं भक्ति की सनातन परंपरा को समर्पित तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव का शुक्रवार को वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में भव्य शुभारंभ हुआ, उत्सव के प्रथम दिवस पर आयोजित भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायक अगम अग्रवाल एवं मंदिर के भक्तों की सुमधुर प्रस्तुतियों ने संपूर्ण मंदिर परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया, इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने हरिनाम संकीर्तन में सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का आनंद प्राप्त किया ।
कार्यक्रम में चंद्रोदय मंदिर के भक्तों ने भगवान श्रीश्रीराधा-वृंदावन चंद्र के श्रीचरणों में अपने लोकप्रिय भजनों एवं संगीतमय प्रस्तुतियों की भावपूर्ण सेवा अर्पित की, 'वृंदावन प्यारो वृंदावन' सहित लोकप्रिय कृष्ण भजनों ने श्रद्धालुओं को वृंदावन की दिव्य भक्ति एवं प्रेममयी संस्कृति से भावविभोर कर दिया, मधुर संगीत, हरिनाम संकीर्तन एवं भक्तिमय वातावरण ने मंदिर परिसर को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया ।
कार्तिक मास में भगवान श्रीराधादामोदर की आराधना एवं दीपदान का विशेष आध्यात्मिक महत्व है, इसी परंपरा के अंतर्गत भजन संध्या के पश्चात मंदिर परिसर में दीपदान का आयोजन किया गया, इस दौरान भक्तों ने सामूहिक रूप से श्री दामोदराष्टकम का भावपूर्ण गान करते हुए अपने आराध्य श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र के श्रीचरणों में दीप अर्पित किए तथा उनका मंगलमय आशीर्वाद प्राप्त किया, दीपों की दिव्य आभा एवं दामोदराष्टकम के भक्तिमय स्वरों से संपूर्ण मंदिर परिसर आध्यात्मिक प्रकाश एवं भक्तिभाव से आलोकित हो उठा ।.jpg)
वृंदावन चंद्रोदय मंदिर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्तिक उत्सव श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिक साधना एवं श्रीराधा-वृंदावन चंद्र की दिव्य लीलाओं से जुड़ने का विशेष अवसर प्रदान कर रहा है, उत्सव के आगामी दो दिनों में भी विविध भक्तिमय एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, इनमें श्रीश्री राधा वृन्दावन चंद्र का भव्य नौका विहार एवं शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे ।















