दो अवैध कॉलोनियों पर विप्रा ने चलाया चाबुक, ध्वस्तीकरण
दो अवैध कॉलोनियों पर विप्रा ने चलाया चाबुक, ध्वस्तीकरण
-जून व अगस्त माह में हुए थे दोनों अवैध कॉलोनियों के ध्वस्तीकरण के आदेश
-एमवीडीए क्षेत्र में सैंकड़ों अवैध निर्माणों की शिकायतों पर नहीं हो रही है कार्यवाही
मथुरा । अवैध निर्माणों को लेकर लम्बे समय से सुर्खियों में रहने वाले मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शुक्रवार को दो स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की, प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने कोटा चंदन नगर स्थित गौड़ केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया और गणेशरा में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके पर किए गए निर्माणों को ध्वस्त करा दिया ।.jpg)
विकास प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई मौजा कोटा चंदन नगर स्थित गौड़ केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया में की गई, यहां रोहित अग्रवाल द्वारा बिना किसी पूर्व वैधानिक स्वीकृति और मानचित्र अनुमोदन के लगभग 6000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की गई थी, कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था जिसके क्रम में 18 जून 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया था, विकासकर्ता द्वारा अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार को प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर निर्मित सड़क नाली और कार्यालय को ध्वस्त कर दिया ।
वहीं दूसरी कार्रवाई मौजा गणेशरा में सीमेंट गोदाम के पीछे खसरा संख्या 591 और 592 पर की गई, यहां भी बिना पूर्व वैधानिक मानचित्र स्वीकृति के अवैध निर्माण कर कॉलोनी विकसित की गई थी, सुनवाई के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किया गया था, इसके बावजूद मौके पर बनाई गई अवैध कॉलोनी की सड़क नहीं हटाई गई थी, उपाध्यक्ष के निर्देश और सचिव के नेतृत्व में प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने मौके पर पहुंचकर सड़क को ध्वस्त करा दिया ।
वहीं सवाल उठ रहा है कि दोनों अवैध निर्माणों पर 18 जून और 17 अगस्त को ध्वस्तीकरण आदेश पारित होने के लगभग तीन से पांच महीने का समय बीत जाने के पश्चात ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गई है, महीनों पहले हुए ध्वस्तीकरण आदेश का अनुपालन कई महीनों के बाद किया जाना प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है, वहीं दूसरी ओर प्राधिकरण क्षेत्र में हो रहे सैंकड़ों अवैध निर्माणों पर तमाम शिकायतों के बावजूद भी कार्यवाही नहीं होना भी बड़ा सवाल है, एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, बिना वैधानिक स्वीकृति और मानचित्र अनुमोदन के कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी ।















