निलंबित शिक्षक जान मोहम्मद के समर्थन में आये ग्रामीण व अभिभावक
निलंबित शिक्षक जान मोहम्मद के समर्थन में आये ग्रामीण व अभिभावक
-डीएम कार्यालय पहुंच की निष्पक्ष जांच की मांग, राजनीति से प्रेरित बताया मामला
मथुरा । तहसील मांट के नौहझील प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक जान मोहम्मद के निलंबन का मामला अब गरमा गया है, शिक्षक के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और साथी शिक्षक लामबंद होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की, जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि मामले की गहराई से जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी ।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बीजेपी मंडल अध्यक्ष दुर्गेश प्रधान की शिकायत पर प्रधानाध्यापक जान मोहम्मद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था, उन पर बच्चों से नमाज पढ़वाने और धार्मिक प्रचार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे, हालांकि स्कूल के बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीति से प्रेरित बताया है, वहीं बच्चों का कहना है कि उनके शिक्षक बहुत अच्छे हैं और उन्हें स्कूल वापस बुलाया जाना चाहिए ।
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब स्कूल के अन्य हिंदू शिक्षकों ने भी जान मोहम्मद का खुलकर समर्थन किया, उनके अनुसार विद्यालय में नियमित रूप से राष्ट्रगान होता है और नमाज जैसा कोई भी कृत्य कभी नहीं हुआ, प्रशासन ने विवाद की गंभीरता को देखते हुए मांट और छाता के खंड शिक्षा अधिकारियों की दो सदस्यीय समिति गठित की है, यह समिति एक महीने के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, वर्तमान में निष्पक्ष जांच पूरी होने तक जान मोहम्मद को नगला हुमायूं विद्यालय से संबद्ध कर दिया गया है ।







.jpeg)













