ब्रज 84 कोस परिक्रमा हुई शुरू, पांच जोन व 11 सेक्टर में बांटा मार्ग
ब्रज 84 कोस परिक्रमा हुई शुरू, पांच जोन व 11 सेक्टर में बांटा मार्ग
मथुरा । ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा और अधिकमास गोवर्धन गिर्राज परिक्रमा को लेकर पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं, रविवार से शुरू हुई एक माह की ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा लगाने को श्रद्धालुओं उमड़ पड़े, इनकी सुरक्षा के लिए पूरे परिक्रमा मार्ग को छावनी में तब्दील कर दिया है, पांच जोन व 11 सेक्टर में सैकड़ों पुलिसकर्मी, पीआरवी वाहन और डाक्टरों की टीमें तैनात की गई हैं ।
ब्रज की आस्था, श्रद्धा और परंपरा के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है, 17 मई से 17 जून तक चलने वाली इस परिक्रमा में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का चक्र तैयार किया है, इससे परिक्रमा मार्ग 24 घंटे निगरानी में रहेगा, एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने वीडियो कांफ्रेंसिंग और गोवर्धन में ब्रीफिंग कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर ढिलाई मिली तो जिम्मेदारी तय होगी ।
21 किलोमीटर लंबे गोवर्धन परिक्रमा मार्ग को सुपर जोन, तीन जोन और छह सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, यहां भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की संख्या और बढ़ाई गई है, तीन पुलिस उपाधीक्षक, सात निरीक्षक, 38 उपनिरीक्षक, 201 सिपाही, 10 महिला सिपाही और यातायात पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं, डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा, सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा शिविर और सड़क मरम्मत के निर्देश दिए, डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, एम्बुलेंस और खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो ।







.jpeg)









