दीपावली से पहले सजेगा 11 दिवसीय ब्रज रज उत्सव
दीपावली से पहले सजेगा 11 दिवसीय ब्रज रज उत्सव
-धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड पर देशभर के शिल्प और व्यंजनों का होगा संगम
मथुरा । इस बार दीपावली से पहले ब्रज रज उत्सव का आयोजन होने जा रहा है, 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक चलने वाले 11 दिवसीय उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध उत्पाद, शिल्प एवं हस्तकला के साथ खानपान व मनोरंजन के आकर्षण भी देखने को मिलेंगे, उत्सव का सांस्कृतिक मंच स्थानीय कलाकारों के साथ देश के प्रख्यात कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि ब्रज रज उत्सव का आयोजन पूर्व की भांति इस बार भी धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में होने जा रहा है, उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
यह आयोजन उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पुलिस, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है, उन्होंने बताया कि उत्सव स्थल पर विभिन्न राज्यों के उत्पादों की स्टॉल लगाई जाएंगी, खासतौर पर शिल्प और हस्तकला से जुड़े उत्पादों को प्रमुखता दी जाएगी ताकि मथुरा आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग एक ही स्थान पर देश के अलग-अलग हिस्सों की कला और संस्कृति से परिचित हो सकें, इसके अलावा विभिन्न विभाग की स्टॉल भी लगाई जाएंगी, जहाँ संबंधित विभाग अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों को दे सकेंगे, लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि ब्रज रज उत्सव में खानपान भी प्रमुख आकर्षण रहेगा, विभिन्न जनपदों के प्रसिद्ध व्यंजनों के साथ इस बार ब्रज के स्थानीय व्यंजनों को विशेष प्राथमिकता देने की तैयारी है ।
उत्सव में बच्चों और परिवारों के लिए झूले समेत विभिन्न मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, इसके साथ ही देश के प्रसिद्ध कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे, ब्रज रज उत्सव की इस बार की खास विशेषता होगी कि वृंदावन में पहली बार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा, इसके लिए वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, इससे ब्रज रज उत्सव का दायरा मथुरा से वृंदावन तक और व्यापक होगा ।













