नगर निगम : मुड़ैसी में 49 बकायेदारों से वसूला 5.69 लाख टैक्स
नगर निगम : मुड़ैसी में 49 बकायेदारों से वसूला 5.69 लाख टैक्स
-महानगर के वार्डों में शिविर लगाकर की जा रही है हाउस टैक्स की वसूली
मथुरा । नगर निगम द्वारा बकाया राजस्व वसूली और जनता को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से वार्डों में विशेष कर वसूली शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, इसी क्रम में नगर आयुक्त जग प्रवेश के निर्देशन में वार्ड संख्या-8 स्थित ग्राम मुडैसी में कैंप लगाया गया, जहाँ विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी, ग्राम मुडैसी में कैंप के दौरान राजस्व टीम ने मौके पर ही 49 भवन स्वामियों से पांच लाख उन्हेत्तर हजार आठ सौ रुपये का हाउस टैक्स वसूल किया।
नगर निगम की इस पहल से स्थानीय निवासियों को भी राहत मिली क्योंकि उन्हें टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े। मौके पर ही बिलों का निस्तारण कर रसीदें प्रदान की गईं। टीम ने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को समय पर टैक्स जमा करने के लाभ बताए और भविष्य में होने वाली कानूनी कार्रवाई व जुर्माने के प्रति जागरूक भी किया, अभियान के दौरान राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, राजस्व लिपिक प्रेमपाल और कंप्यूटर ऑपरेटर सैफ मौजूद रहे।
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने बताया कि नगर विकास के कार्यों को गति देने के लिए राजस्व संग्रह अनिवार्य है, नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि जनता के द्वार पर ही उन्हें टैक्स जमा करने की सुविधा मिले, आगामी दिनों में अन्य वार्डों में भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे, नागरिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपने बकाया करों का भुगतान करें ताकि शहर में नागरिक सुविधाओं का और बेहतर विस्तार किया जा सके ।







.jpeg)













