पंचायत सहायकों ने की 30 हजार मानदेय की मांग, सौंपा ज्ञापन
पंचायत सहायकों ने की 30 हजार मानदेय की मांग, सौंपा ज्ञापन
-पंचायत सहायकों ने डीपीआरओ को निदेशक को सम्बोधित सौंपा 14 सूत्रीय ज्ञापन
मथुरा । ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत सहायकों ने पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के तत्वावधान में अपनी मांगों को लेकर 14 सूत्रीय ज्ञापन पंचायत राज निदेशक के नाम डीपीआरओ धनंजय जायसवाल को ज्ञापन सौंपा जिसमें पंचायत सहायकों ने मानदेय बढ़ाया जाने और पंचायत सचिवों की भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाने की मांगें प्रमुख थी ।
जिला प्रभारी कृष्णवीर राणा ने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवालयों के संचालन, डिजिटल सेवाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के सफल संचालन में पंचायत सहायकों द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है, इसके बावजूद पंचायत सहायकों को आज तक ना तो स्पष्ट सेवा नियमावली प्राप्त है और न ही कार्य के अनुरूप सुविधाएं एवं सम्मानजनक मानदेय उपलब्ध कराया गया है।
यूनियन के आगरा मण्डल प्रभारी पुष्पेन्द्र आर्य ने बताया कि ज्ञापन में पंचायत सहायकों हेतु कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू की जाए, पंचायत सहायकों के लिए पृथक्त पंचायत सहायक पोर्टल विकसित किया जाए, ग्राम पंचायत सचिवालय संचालन हेतु आवश्यक फर्नीचर, कंप्यूटर, प्रिंटर एवं अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, इंटरनेट, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी व्यय हेतु प्रत्येक माह निर्धारित बजट उपलब्ध कराया जाए, विभागीय कार्यों के निष्पादन हेतु प्रत्येक पंचायत सहायक को विभागीय मोबाइल फोन प्रदान किया जाए, पंचायतों के ओआरएस खाते से लिंक करते हुए सीएससी सेवाओं के भुगतान हेतु समुचित पेमेंट गेटवे व्यवस्था विकसित की जाए ।
वर्तमान 6000 प्रतिमाह के अत्यंत अल्प मानदेय में पंचायत सहायक कार्य कर रहे हैं, इसमें वृद्धि करते हुए ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया जाए अथवा उत्तर प्रदेश की न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू की जाए, विवाहोपरांत महिला पंचायत सहायकों के स्थानांतरण, समायोजन हेतु स्पष्ट नीति निर्धारित की जाए, ग्राम विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी की भर्तियों में पंचायत सहायकों को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाए, समस्त पंचायत सहायकों को आयुष्मान भारत योजना के आयुष्मान कार्ड जारी किए जाएं, सभी पंचायत सहायकों के विभागीय पहचान पत्र (आईडी कार्ड) तत्काल जारी किए जाए,पंचायत सहायकों से लिए जा रहे गैर विभागीय कार्यों पर रोक लगाने की मांग की है।
पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्यवाही नहीं की गई तो 15 जून को लखनऊ स्थित ईको गार्डेन में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, ज्ञापन देने वालों में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के आगरा मण्डल प्रभारी पुष्पेन्द्र आर्य, जिला प्रभारी कृष्णवीर राणा, चंद्रदेव, ब्लॉक अध्यक्ष नंदगाव पवन सिंह्, ब्लॉक अध्यक्ष छाता जसमत सिंह , उपाध्यक्ष डालचंद, ब्लॉक प्रभारी सुनील, गोवर्धन ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुंतल, ब्लॉक अध्यक्ष मांट रमन सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष चौमुहा वीरेंद्र शर्मा, अनिल कुमार, देवेंद्र, संतराम, विष्णु आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे।







.jpeg)









