चौमुहां में युवक पर हुआ जानलेवा हमला, दो किये गिरफ्तार
चौमुहां में युवक पर हुआ जानलेवा हमला, दो किये गिरफ्तार
चौमुहां । कस्बा में बुधवार की देर शाम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए कुछ असामाजिक तत्वों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, हमलावरों ने लाठी डंडों से बेरहमी से पीटा बल्कि धारदार चाकू से वार कर उनके बाएं हाथ की पहली उंगली को काटकर पंजे से अलग कर दिया, चीख पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और आसपास के लोगों को आता देख आरोपी मौके से भागने लगे जिनमें से दो को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है । .png)
प्राप्त जानकारी के अनुसार चौमुहां निवासी धर्मेंद्र सिसौदिया उर्फ डब्बू बुधवार की देर शाम बाजार से अपना काम निपटाकर वापस अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में पहले से ही घात लगाकर बैठे असामाजिक किस्म के बीरू और कुशल पुत्रगण मदन गोपाल ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया और गाली गलौज करना शुरू कर दिया, जब धर्मेंद्र ने इस अभद्र व्यवहार का विरोध किया तो हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया। विरोध करने पर दबंगों ने धर्मेंद्र को जमीन पर गिरा दिया और लाठी-डंडों से बुरी तरह मारना-पीटना शुरू कर दिया ।
पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार, स्थानीय लोग और धर्मेंद्र के भाई उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े, भीड़ को अपनी ओर आता देख बौखलाए कुशल ने धर्मेंद्र पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया, इस हमले में धर्मेंद्र के बाएं हाथ की पहली उंगली कटकर पंजे से पूरी तरह अलग हो गई, खून से लथपथ युवक जमीन पर गिर पड़ा, घटना की सूचना पर थाना जैत पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गई, पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से ही धर दबोचा, पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल में मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।













