मुठभेड़ : फायरिंग कांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली
मुठभेड़ : फायरिंग कांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली
मथुरा । थाना हाईवे क्षेत्र के बाजना में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है, शुक्रवार तड़के पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं ।.png)
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनक पुत्र कमल सिंह निवासी कोटा और करन पुत्र भूरी सिंह निवासी बाटी, थाना जैत के रूप में हुई है, दोनों पांच अक्टूबर को बाजना में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे, घटना के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी, पुलिस के मुताबिक 16 अक्टूबर की रात मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली, इसके आधार पर पुलिस टीम ने रोमेक्स स्कूल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की ।
इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, पुलिस ने अपना बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की, इस कार्रवाई में कनक के पैर में गोली लग गई, इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, मुठभेड़ के बाद घायल कनक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, वहीं दूसरे आरोपी करन को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी, पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, .315 बोर के चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है ।
बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, बाजना में जमीन विवाद के चलते हुई फायरिंग की घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी, पुलिस द्वारा की गई दोनों की गिरफ्तारी को मामले की जांच में अहम कार्रवाई माना जा रहा है, पुलिस अब घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और फायरिंग से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है ।













