ब्रज क्षेत्र को स्वच्छ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी-नवीन पूनिया
ब्रज क्षेत्र को स्वच्छ रखना हमारी नैतिक जिम्मेदारी-नवीन पूनिया
-राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम व अक्षय पात्र फाउंडेशन ने किया गिरिराज तलहटी को प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास
गोवर्धन । ब्रज की पावन धरा एवं श्री गिरिराज गोवर्धन की तलहटी को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन एवं नवीन पूनिया द्वारा गठित जन उदय विजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया, प्रधानमंत्री के ‘संकल्प से सेवा’ अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित इस सेवा प्रकल्प के अंतर्गत गोविंद कुंड स्थित मनोहर बाबा की गौशाला से जतीपुरा तक गिरिराज तलहटी में स्वच्छता सेवा की गई ।.jpg)
इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के कोच नवीन पूनिया ने कहा कि ’ब्रज को स्वच्छ रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है’ ब्रजभूमि की पवित्रता, धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना प्रत्येक ब्रजवासी, श्रद्धालु एवं पर्यटक का कर्तव्य है, उन्होंने स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है ।.png)
अभियान के दौरान अक्षयपात्र फाउंडेशन के कर्मचारियों, युवाओं एवं जन उदय विजन फाउंडेशन के सेवकों ने गिरिराज तलहटी में जगह-जगह बिखरे प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित किया, एकत्रित कचरे को गार्बेज बैग में भरकर ट्रैक्टर के माध्यम से तलहटी से बाहर पहुंचाया गया, इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य गिरिराज परिक्रमा मार्ग एवं आसपास के धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा ।
अक्षय पात्र फाउंडेशन के अनंत प्रभु ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए ब्रजभूमि की स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला, उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें, उन्होंने कहा कि ब्रज की पवित्र भूमि की सेवा केवल सफाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पर्यावरण, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, अनंत प्रभु ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया, उन्होंने आह्वान किया कि युवा स्वच्छता और नशामुक्ति के संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाएं, जिससे एक स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण हो सके ।
नवीन पूनिया ने भी स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर बल दिया, उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाना, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचना और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है, युवाओं की ऊर्जा, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ ब्रज एवं नशामुक्त समाज के संकल्प को साकार किया जा सकता है, इस दौरान अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से राजीव रावत, अमित झा, जनसंपर्क विभाग से जितेंद्र शर्मा एवं विष्णु शर्मा, आकांक्षा, मनीष तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे, जन उदय विजन फाउंडेशन की ओर से कुंज बिहारी पांडे उपस्थित रहे, उनके साथ संगठन के अन्य सेवकों ने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की, अक्षय पात्र फाउंडेशन एवं जन उदय विजन फाउंडेशन की यह संयुक्त पहल स्वच्छ ब्रज, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही ।













