सिर्फ 23 दिन में कटे 46 हजार से ज्यादा चालान, 1036 गाड़ियां सीज
सिर्फ 23 दिन में कटे 46 हजार से ज्यादा चालान, 1036 गाड़ियां सीज
-बिना नंबर प्लेट व नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, साल में हुए 7.63 लाख चालान
मथुरा । जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने इस साल बड़ी कार्रवाई की है, सिर्फ नवंबर माह में ही अब तक 46,507 चालान काटे जा चुके हैं जबकि पूरे साल में अब तक कुल 7,63,885 चालान काटे गए हैं, आंकड़े बताते हैं कि पुलिस की सख्ती लगातार जारी है और नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जा रहा है, नवंबर माह में ही 1,036 गाड़ियां सीज की गई हैं जबकि पूरे साल में अब तक 7,627 गाड़ियां सीज हो चुकी हैं ।.jpg)
इसी तरह बिना नंबर प्लेट के चलने वाली गाड़ियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है, नवंबर में अब तक 1,387 बिना नंबर प्लेट की गाड़ियां पकड़ी गईं जबकि पूरे साल में अब तक 8,442 ऐसी गाड़ियां पकड़ी जा चुकी हैं, सबसे बड़ी कार्रवाई रजिस्ट्रेशन निरस्त करने को लेकर की गई है, अब तक 14,913 गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन निरस्त किए जा चुके हैं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई उन्हीं गाड़ियों के खिलाफ की गई है, जिन पर 5 से ज्यादा चालान हो चुके थे, बार-बार चालान होने के बाद भी जो वाहन स्वामी नियमों का पालन नहीं कर रहे थे, उनके खिलाफ यह सख्त कदम उठाया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार शहर के प्रमुख चौराहों, हाईवे और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, भूतेश्वर चौराहा, गोवर्धन चौराहा, मसानी चौराहा और स्टेट बैंक चौराहा सहित गोकुल रेस्टोरेंट क्षेत्र, मथुरा-वृंदावन रोड और यमुनापार जैसे क्षेत्रों में इस तरह की कार्यवाहियां की गई हैं, सुबह से लेकर देर रात तक अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है ।
अधिकारियों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना केवल नियमों का उल्लंघन ही नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है, ऐसी गाड़ियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है जिससे हादसे या अपराध के बाद आरोपी का पता लगाना चुनौती बन जाता है इसीलिए इस तरह की गाड़ियों को पकड़ते ही सीज करने के साथ ही उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है, यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट, बिना हेलमेट, ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है, अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, कागजात पूरे रखें और नंबर प्लेट के साथ ही वाहन चलाएं, ताकि चालान और सीज की कार्रवाई से बचा जा सके, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि नवंबर माह में पूरी जागरूकता के साथ कार्य किया जा रहा है और जो लोग नियम का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई होती रहेगी, साथ ही लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वह सही तरह से ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सही तरह से वाहन चलाएं, जागरूकता के साथ आगे भी यह कार्रवाई चलती रहेगी ।















