शादी समारोहों में सक्रिय गैंग से सावधान रहें-एसएसपी
शादी समारोहों में सक्रिय गैंग से सावधान रहें-एसएसपी
-बच्चों को आगे कर उड़ाते हैं नकदी और जेवरात, बाराती बनकर पहुंचते हैं गिरोह के सदस्य
मथुरा । पुलिस ने शादी-विवाह और अन्य मांगलिक समारोहों में नकदी और जेवरात से भरे बैग चोरी करने वाले अंतरराज्यीय ‘कड़िया सांसी गैंग’ की सक्रियता को देखते हुए आमजन को सतर्क रहने की अपील की है, मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी, गुलखेड़ी और हुलखेड़ी गांवों से जुड़े इस गिरोह के सदस्य शादी समारोहों को निशाना बनाते हैं, गिरोह की सबसे खतरनाक बात यह है कि इसमें पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को चोरी की वारदातों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। .jpg)
पुलिस के अनुसार इस गिरोह में सामान्यतः सात सदस्य एक साथ काम करते हैं, सभी की भूमिकाएं पहले से निर्धारित होती हैं, कुछ सदस्य समारोह स्थल की रेकी करते हैं तो कुछ लोगों का ध्यान भटकाकर बैग चोरी करते हैं, वहीं गिरोह के अन्य सदस्य वाहन लेकर बाहर तैयार रहते हैं ताकि वारदात के बाद आसानी से फरार हुआ जा सके, गिरोह के सदस्य अच्छे कपड़े और सूट-बूट पहनकर बाराती या मेहमान बनकर होटल और मैरिज गार्डन में प्रवेश करते हैं, इनके साथ छोटे बच्चे भी होते हैं जिन्हें कम उम्र से ही चोरी करने और भीड़ में घुलने-मिलने का प्रशिक्षण दिया जाता है, ये बच्चे मौका मिलते ही मेहमानों का ध्यान भटकाकर नकदी और आभूषणों से भरे बैग लेकर गायब हो जाते हैं ।
सूत्रों के मुताबिक गिरोह पहले ही बड़े व्यापारियों और संपन्न परिवारों के शादी समारोहों की जानकारी जुटा लेता है, किस होटल या मैरिज गार्डन में कार्यक्रम है और वहां कितनी नकदी तथा सोना-चांदी आने की संभावना है इसकी रेकी की जाती है, इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया जाता है, शादी के सीजन में यह गिरोह विशेष रूप से मथुरा और आगरा क्षेत्र में सक्रिय रहता है, पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में दर्जनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
मथुरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी समारोहों में नकदी और जेवरात से भरे बैग को कभी लावारिस नही छोड़ें और न ही किसी अनजान व्यक्ति या बच्चे के भरोसे रखें, समारोह में संदिग्ध रूप से घूम रहे बच्चों और अनजान लोगों पर विशेष नजर रखें, होटल, मैरिज होम और गार्डन संचालकों को प्रवेश द्वार सहित प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं, एसएसपी श्लोक कुमार ने अपील की है कि जारी पोस्टर और फोटो में दिखाए गए संदिग्ध व्यक्तियों में से कोई भी व्यक्ति शादी समारोह या उसके आसपास दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है, पुलिस ने आमजन से सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है ।















