विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में एक दिन में रोपे गये 6.17 लाख पौधे
विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में एक दिन में रोपे गये 6.17 लाख पौधे
मथुरा । विश्व पर्यावरण दिवस पर जनपद में एक दिन में 6.17 लाख पौधे रोपे गये, केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश, सीडीओ डॉ0 पूजा गुप्ता, एसडीएम महावन उषा सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, बीडीओ नेहा आदि द्वारा विकास खंड बलदेव की नूरपूर ग्राम पंचायत में ब्रह्मांड घाट पर यमुना जी किनारे स्वच्छता श्रमदान, प्लास्टिक मुक्त अभियान, वृक्षारोपण एवं यमुना आरती की गई।
विधायक ने विधि विधान से पूजा अर्चना की तथा यमुना आरती की, विधायक ने ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण किए जाने तथा उनकी देखभाल व सुरक्षा भी किए जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से मां हमें जीवन की हर विपरीत परिस्थितियों से बचाती है तथा मां की गोद में बच्चे को आंचल से सुकून मिलता है, उसी तरह से पेड़ भी हमें धूप, बारिश में अपनी छांव से संरक्षण देते है और ऑक्सीजन प्रदान कर हमें जीवन भी प्रदान करते है ।
विधायक ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के अन्तर्गत हम लोग आज पौधरोपण कर रहे है और जिस प्रकार मां अपने बच्चो का ख्याल रखती है, उसी प्रकार यह पेड़ भी आपका ख्याल रखेंगे। पेड़ की छाया अमृत के समान आराम देती है और घर के बाहर लगा हुआ एक पेड़ कई पीढ़ियों का गवाह भी बनता है। पेड़ लगाने से हमें ऑक्सीजन और छांव तो मिलती ही है, साथ ही और भी बहुत से फायदे होते है ।
सीडीओ ने कहा कि पर्यावरण असंतुलन और प्रदूषण की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण किसी वरदान से कम नहीं है और यह आने वाले भविष्य को मजबूत बुनियाद देने वाला है। यह सच्ची विरासत है, जो हम आने वाली पीढ़ियों को सौपेंगे, उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में विकास खण्डों पर 29 जनपद स्तरीय नोडल अधिकारियों को नामित करते हुऐ जनपद में कुल 67 ग्राम पंचायतों में यमुना किनारे घाटों पर जन सहभागिता एवं प्रधान, सचिव के माध्यम से यमुना आरती, पौधारोपण, श्रमदान, प्लास्टिक मुक्त अभियान आदि का आयोजन कराया गया ।







.jpeg)









