जिला उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
जिला उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप
मथुरा । कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार सुबह 11 बजे जिला उद्योग बंधु समिति और व्यापार बंधुओं की बैठक में व्यापारियों ने हंगामा किया, जिलाधिकारी समेत किसी सक्षम अधिकारी की गैरमौजूदगी पर व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की, उनका आरोप था कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद बैठकों में अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो रही है जिससे समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है, बैठक में कई प्रमुख मुद्दे उठाए, इनमें शहर की जर्जर सड़कें, धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य, खराब ट्रैफिक व्यवस्था, अतिक्रमण हटाओ अभियान और व्यापारियों का उत्पीड़न शामिल थे ।
व्यापारियों ने बताया कि कृष्णापुरी चौराहा, होलीगेट, कोतवाली रोड और भरतपुर गेट जैसे प्रमुख बाजारों में अधूरा सड़क निर्माण कारोबार को प्रभावित कर रहा है, व्यापारी नेता अजय चतुर्वेदी ने ट्रैफिक व्यवस्था के नाम पर स्थानीय व्यापारियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया, उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि होलीगेट से चौक बाजार तक अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था के दौरान लगाए गए बिजली पैनल छह महीने बाद भी नहीं हटाए गए हैं, इसके अतिरिक्त, कृष्णापुरी से भरतपुर गेट तक फुटपाथ निर्माण विद्युत विभाग और नगर निगम के बीच समन्वय की कमी के कारण अधूरा है ।
उन्होंने नगर निगम पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए समझौते का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया, उनके अनुसार, व्यापारियों को आश्वासन दिया गया था कि नालों पर रखे पट्टों को नहीं हटाया जाएगा और कोई जुर्माना नहीं लगेगा लेकिन अब इसके विपरीत कार्रवाई की जा रही है, बैठक में नगर निगम के सहायक नगर अधिकारी राकेश त्यागी और उपायुक्त सुनील कुमार गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं को सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, हालांकि व्यापारियों ने कहा कि स्थानीय स्तर पर समाधान नही मिलने के कारण वे मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) पर लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं,उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने का समय भी मांगा है ।







.jpeg)









