जन सहयोग से बनाये पोलियो मुक्त अभियान को सफल-तेजवीर सिंह
जन सहयोग से बनाये पोलियो मुक्त अभियान को सफल-तेजवीर सिंह
-रैली निकालकर लोगों को किया जागरूक, बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
मथुरा । पोलियो मुक्त भविष्य की दिशा में जनपद ने कमर कस ली है, रविवार 28 जून से शुरू हो रहे राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले के लगभग 5 लाख बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी, अभियान से पहले शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई जिसे सांसद तेजवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
सिविल लाइंस क्षेत्र में निकली इस रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि पांच वर्ष से कम उम्र का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद दवा से वंचित न रहे, क्योंकि यही दो बूंद उसे जीवनभर की दिव्यांगता से बचाने का सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया, कि अभियान का शुभारंभ 28 जून को जिले के 1317 पोलियो बूथों पर होगा, इसके बाद 29 जून से 6 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने बताया, कि इस बार जनपद में 4,98,815 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी सतर्कता के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटी हैं ।
राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने अभियान को जनसहभागिता का महाअभियान बताते हुए अभिभावकों से अपील की, कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करें, इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ0 गोपाल गर्ग, डॉ0 अनुज चौधरी, डॉ0 वी0डी0 गौतम, डॉ0 स्वाती जाडिया, डॉ0 सत्य प्रकाश राठौर, डॉ0 पियूष सोनी, डॉ0 अनुज यादव, चंद्र प्रकाश मिश्रा, जितेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय सिहोरिया, पारूल शर्मा, एम0पी0 सिंह, फोजिया खानम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएमटीसी की छात्राओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया ।







.jpeg)









