वृन्दावन शोध संस्थान में 27 को सांझी महोत्सव के बिखरेंगे रंग
वृन्दावन शोध संस्थान में 27 को सांझी महोत्सव के बिखरेंगे रंग
मथुरा । वृन्दावन शोध संस्थान में सांझी महोत्सव का आयोजन 27 सितम्बर से सात अक्टूबर पर्यन्त किया जाएगा, इस दौरान रंग, जल, पुष्प, गोबर निर्मित साँझी का अंकन व ब्रज की साँझी पर आधारित प्रदर्शनी, संगोष्ठी एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, यह जानकारी देते हुए संस्थान के निदेशक डॉ0 राजीव द्विवेदी ने बताया कि संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष की भाँति इस बार भी साँझी महोत्सव का आयोजन भव्यता से किया जा रहा है ।.jpg)
उन्होंने बताया कि साँझी के परम्पराबद्ध विशेषज्ञों के द्वारा ब्रज की साँझी का प्रस्तुतिकरण किया जायेगा, संस्कृति प्रेमी सुधीजनों को आमंत्रित करते हुए कहा है कि कार्यक्रम का शुभारम्भ रविवार को अपराह्न एक बजे संस्थान के सभागार में होगा, प्रदर्शनी का शुभारंभ तथा साँझी परम्परा से जुड़े विशेषज्ञों की संगोष्ठी और सांझी प्रस्तुतिकरण आदि कार्यक्रम होंगे, संयोजक डॉ0 राजेश शर्मा ने बताया कि साँझी महोत्सव के अवसर पर संस्थान के साथ ही ब्रज के पारम्परिक स्थल ऊँचा गाँव, चिकसौली प्रेम सरोवर एवं डबारा आदि सखियों के गाँवों में आउटरीच कार्यक्रम के माध्यम से साँझी पर आधारित संवाद आदि कार्यक्रम होंगे ।
सह-संयोजक श्रीमती ममता गौतम ने बताया कि संस्थान इस दिशा में सदैव प्रयासरत रहा है कि ब्रज की परम्पराओं का महत्व प्रामाणिकता के साथ सुधीजनों के मध्य साझा होता रहे, उन्होंने बताया संस्थान के द्वारा ब्रज के पारम्परिक गाँवों में जाकर संस्कृति विषयक जानकारी साझा करने के साथ ही संस्थान के ब्रज संस्कृति संग्रहालय में ब्रज की साँझी परम्परा पर आधारित स्थाई वीथिका के सृजन की तैयारियाँ भी चल रही हैं, जो शीघ्र ही सुधीजनों के लिये सुलभ होगी ।



















