ग्राम पंचायत रायपुर में बिजली की चिंगारी से जली गेहूं की फसल
ग्राम पंचायत रायपुर में बिजली की चिंगारी से जली गेहूं की फसल
नौहझील (मथुरा) । विकास खंड नौहझील की ग्राम पंचायत रायपुर के खादर क्षेत्र में बिजली की लाइन से निकली चिंगारी के कारण गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई, देखते ही देखते आग फैल गई और कई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई, आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई, आसपास के गांवों से हजारों किसान मौके पर पहुंचे और सैकड़ों ट्रैक्टरों व पेड़-पौधों की टहनियों की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया ।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद अग्निशमन विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची, किसानों ने बताया कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनें काफी समय से जर्जर हालत में थीं, इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, किसानों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के चलते ही यह बड़ी घटना हुई है, गांव के किसान ओमवीर, संजीव, रविंद्र, करुआ, बंटू, महेंद्र, राजू, देवपाल, दामो, ओमप्रकाश, लाला, हरकेश, बंटी, मोहन, सुरेंद्र, जुगेंद्र सहित कई किसानों की फसल जली है जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है ।
बताया जा रहा है कि करीब 20 किसानों की फसल कट चुकी थी लेकिन भूसा नहीं बन पाया था, अब उन्हें पशुओं के चारे के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा, घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता चौधरी प्रेम नौहवार ने क्षेत्रीय विधायक राजेश चौधरी और प्रशासन से बातचीत कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, आग बुझने के बाद मौके पर तहसीलदार और पुलिस प्रशासन पहुंच गया जिन्होंने जली हुई फसल का मुआयना कर रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है ।







.jpeg)









