संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला युवक का शव
-परिजनों ने लगाया युवक की हत्या कर शव फैंके जाने का आरोप
चौमुहां । छाता कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव पिल्होरा में रविवार सुबह एक युवक का शव उसके ही घर की छत पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई, मृतक की पहचान 30 वर्षीय अशोक पुत्र सौदान सिंह के रूप में की गई है, घटना के बाद जहां परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं परिजनों ने गांव के ही युवकों पर मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है, सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी उमेशचंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए तत्काल फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया ।
घटना के संबंध में मृतक के ताऊ के लड़के ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम अशोक गांव के ही युवकों के साथ बैठकर शराब पी रहा था, इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, रात के समय क्षुब्ध अशोक ने अपने भाई को फोन कर इसकी पूरी आपबीती की जानकारी भी दी थी, सुबह जब परिजन घर के ऊपरी हिस्से में गए तो वहां प्लास्टिक की रस्सी के सहारे अशोक का शव लटकता देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
कोतवाली प्रभारी उमेशचंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है, परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जायेगी, फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है ।







.jpeg)









