द्वारकाधीश के ज्येष्ठाभिषेक में उमड़ा श्रद्धालु, किया गया अभिषेक
द्वारकाधीश के ज्येष्ठाभिषेक में उमड़ा श्रद्धालु, किया गया अभिषेक
मथुरा । पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रमुख मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश जी महाराज में ज्येष्ठ पूर्णिमा पर रविवार की प्रात: ठा. द्वारकाधीश जी महाराज का विधि विधान और वैदिक मंत्रों के साथ मंदिर के मुखिया सुधीर कुमार के द्वारा ज्येष्ठाभिषेक पुष्पों के सुगंधित यमुना जल से किया गया, मंदिर के सेवा अधिकारी अजय कुमार भट्ट की देखरेख में वैदिक विप्रों (ब्राह्मणों) द्वारा ठाकुर जी के ज्येष्ठाभिषेक की प्रक्रिया संपन्न कराई गई ।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि इस ज्येष्ठाभिषेक के लिए मंदिर के मुखिया सुधीर कुमार के नेतृत्व में मंदिर के सभी सेवक शनिवार की शाम को अपरस (पवित्र शुद्धता की स्थिति) में यमुना जी का जल लेने गए थे, उस यमुना जल को एकत्रित कर रविवार की प्रातः विधि-विधान से ठाकुर जी का अभिषेक किया गया ।
ज्येष्ठाभिषेक दर्शनों को आज प्रातः से ही मंदिर प्रांगण में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, श्रद्धालुओं ने जल यात्रा के रूप में अपने आराध्य ठा. द्वारकाधीश जी के अलौकिक दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया, उन्होंने बताया कि ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा का दिन अत्यधिक गर्म होता है इसलिए ठाकुर जी को शीतलता प्रदान करने के लिए पूर्णिमा के दिन यह ज्येष्ठाभिषेक किया जाता है जिसे स्नान यात्रा या जल यात्रा भी कहा जाता है ।






.jpeg)









