पानीगांव यमुना पुल के पास अवैध कॉलोनियों पर गरजा बुलडोजर
पानीगांव यमुना पुल के पास अवैध कॉलोनियों पर गरजा बुलडोजर
-प्रशासन ने माफियाओं पर कसा शिकंजा, कई अवैध कॉलोनियों को किया ध्वस्त
मथुरा । पानी गाव स्थित यमुना पुल के नीचे बड़ी संख्या में विकसित की जा रही अवैध कालोनियों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया, करीब 10 जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया, इस दौरान भारी पुलिस बल और कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद दिखे, कार्रवाई का उद्देश्य यमुना किनारे और सरकारी भूमि पर फैले अवैध कब्जों को हटाना बताया गया ।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी माफिया भोले भाले ग्रामीणों को बहला फुसलाकर खेतों की जमीन सस्ते दामों में खरीट लेते हैं, इसके बाद चारों ओर बाउंड्रीवॉल खड़ी कर दी जाती है, कच्ची ईंटों से दीवारें बना दी जाती हैं और बिना किसी अनुमति के टेढ़ी-मेढ़ी सड़कें डलवा दी जाती हैं, फिर इन्हीं जमीनों को छोटे-छोटे प्लॉट में काटकर ऊंचे रिटर्न का लालच देकर बेच दिया जाता है, धीरे धीरे अवैध कॉलोनियां खड़ी हो जाती हैं और प्रशासन को बाद में कार्रवाई करनी पड़ती है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा, यमुना के आसपास अवैध कब्जे नही केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि पर्यावरण और सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक हैं, इसी कारण यह सख्त कदम उठाया गया है, हालांकि स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी भी है कि ऐसी कार्रवाइयां पहले भी कई बार हुई हैं लेकिन इसके बावजूद अवैध कॉलोनियों का सिलसिला रुक नहीं पा रहा ।
लोगों का कहना है कि जितनी कॉलोनियां ध्वस्त की जाती हैं, उससे कहीं ज्यादा नई कॉलोनियां खड़ी हो जाती हैं। उनका आरोप है कि अधिकारियों की ढीली निगरानी और समय पर सख्त कार्रवाई न होने के कारण माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों की मांग है कि यदि शुरू से ही सख्ती से निगरानी और निरंतर कार्रवाई की जाए, तो अवैध कॉलोनियों का यह खेल पूरी तरह खत्म हो सकता है।







.jpeg)













