गोवर्धन : चार महिलाओं को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर
गोवर्धन : चार महिलाओं को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर
मथुरा । धर्म नगरी गोवर्धन में गिर्राज जी की सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, नो-व्हीकल जोन माने जाने वाले परिक्रमा मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक ने सुबह टहलने निकली चार महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की है।
सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग के हरिपुरा क्षेत्र में महात्यागी आश्रम के पास महिलाएं रोज की तरह सुबह की सैर पर निकली थीं। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी महिलाएं सड़क पर गिर पड़ीं और दर्द से कराहने लगीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरत बाद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बाइक सवार भाग चुका था।
स्थानीय निवासी पदमचंद ने बताया कि घायल महिलाएं रोजाना इसी मार्ग पर टहलने आती थीं और कभी ऐसी घटना की आशंका नहीं थी, हादसे में पदम सैनी की पत्नी कमला देवी का पैर टूट गया है। वहीं तेजराम की पत्नी सोनदेई, हुकुमचंद की पत्नी मीरा देवी और एक अन्य महिला को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोवर्धन में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है।
डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है, पुलिस फरार बाइक सवार की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होने के बावजूद, नो-व्हीकल जोन में तेज रफ्तार वाहनों का प्रवेश प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है, स्थानीय लोगों ने मांग की है कि परिक्रमा मार्ग पर सख्त निगरानी और स्थायी पुलिस व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके ।







.jpeg)













