जोधपुर झाल पर ग्रामीण युवाओं को बनाया जायेगा नेचर गाइड
जोधपुर झाल पर ग्रामीण युवाओं को बनाया जायेगा नेचर गाइड
-ग्राम वेटलैंड समिति और संयुक्त वन प्रबंधन समिति की बैठक में हुआ निर्णय
मथुरा । जनपद के जोधपुर झाल वेटलैंड के संरक्षण एवं बेहतर प्रबंधन को लेकर ग्राम वेटलैंड समिति और संयुक्त वन प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, बैठक में वेटलैंड संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी तथा प्रकृति पर्यटन को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई, बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान कोह हरेन्द्र सिंह चौहान ने की, इस दौरान लेखपाल मोहित सिंह, वन दरोगा अमित दिवाकर सहित समिति के अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे ।
बैठक में विशेषज्ञ सदस्य डॉ0 के0 पी0 सिंह ने आर्द्रभूमि संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी वेटलैंड की सुरक्षा और उसके सतत विकास में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक होती है, बताया, यदि ग्रामवासियों, युवाओं और विद्यार्थियों को संरक्षण कार्यों से जोड़ा जाए तो वेटलैंड की जैव विविधता को सुरक्षित रखने में बड़ी सफलता मिल सकती है। बैठक में वेटलैंड संरक्षण एवं प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई ।
ग्राम पंचायत के युवाओं को नेचर गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद को प्रस्ताव भेजने पर विचार किया गया, साथ ही ग्राम पंचायत के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों को सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम के तहत जोधपुर झाल वेटलैंड से जोड़ने तथा उन्हें आर्द्रभूमि संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी सहमति बनी। बैठक में मौजूद सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि स्थानीय समुदाय, युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से जोधपुर झाल वेटलैंड के संरक्षण तथा क्षेत्र की जैव विविधता को मजबूत आधार मिलेगा ।







.jpeg)









