मथुरा में नौनिहालों को ढो रहीं हैं 169 अनफिट स्कूली बस
मथुरा में नौनिहालों को ढो रहीं हैं 169 अनफिट स्कूली बस
-एक अप्रैल से स्कूली वाहनों की फिटनेस की होगी जांच, कार्रवाई के दिए गए निर्देश
-परिवहन विभाग द्वारा अभिभावक और स्कूल संचालकों को दी गई आवश्यक चेतावनी
मथुरा । सहायक संभागीय परिवहन विभाग ने 169 स्कूली बसों की सूची जारी की है जिनके फिटनेस वैधता एवं प्रपत्र समाप्त हैं, विभाग ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि इन वाहनों में छात्र छात्राओं का परिवहन सुरक्षित नहीं है। अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि ऐसे वाहनों से अपने बच्चों को स्कूल नही भेजें तथा किसी भी वाहन से बच्चों को स्कूल भेजने से पूर्व संबंधित वाहन की भौतिक व तकनीकी दशा का निरीक्षण समय समय पर करते रहें ।
विभाग का कहना है कि एम परिवहन एप के माध्यम से वाहन के प्रपत्रों की वैधता की जांच के उपरांत ही बच्चों को भेजें, इसके अतिरिक्त यह भी देख लें कि स्कूल बस पर परिचालक अवश्य हो, चालक नाबालिग नही हो, नशे की हालत में नही हो, तीव्र गति से वाहन नही चला रहा हो तथा उसका ड्राइविंग लाइसेंस वैध हो, स्कूल संचालकों को निर्देशित किया गया है कि इन वाहनों से किसी भी दशा में बच्चों का परिवहन न करें, अगर इन वाहनों से बच्चों का परिवहन किया जाता है और कोई आपराधिक घटना होती है तो जिम्मेदारी स्कूल की होगी और आपराधिक अभियोग पंजीकृत कर संख्त कार्यवाही की जाएगी ।
उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने प्रदेश के मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों को एक से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों की जांच के लिए विशेष फिटनेस एवं सुरक्षा अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जो भी वाहन अनफिट पाए जाएं उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करें, मुख्य सचिव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर रहे थे, उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मॉनीटरिंग पोर्टल विकसित किया है, अभियान के दौरान सभी स्कूलों के वाहनों का ब्योरा इस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं ।







.jpeg)









