डिप्टी सीएम गऊ ग्राम परखम में करेंगे आधा दर्जन प्रकल्पों का लोकार्पण
डिप्टी सीएम गऊ ग्राम परखम में करेंगे आधा दर्जन प्रकल्पों का लोकार्पण
-बुधवार को केशव प्रसाद मौर्य करेंगे कन्वेशन सेंटर और स्टाफ आवास का शिलान्यास
फरह (मथुरा) । उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 13 मई को अपरान्ह एक बजे से दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र गऊ ग्राम परखम में नवनिर्मित विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण, गृह प्रवेश एवं भूमि पूजन करेंगे, वह गौरी भवन कन्या छात्रावास, औषधि उद्यान, पशु चिकित्सालय, स्टूडियो, बुनकर प्रशिक्षण केंद्र की मशीन का ई- लोकार्पण कर कन्वेशन सेंटर और स्टाफ आवास की आधारशिला भी रखेंगे, यह जानकारी सोमवार को अशोक सिंघल सभागार, सप्त ऋषि कुटीर, दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र गऊ ग्राम परखम में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा ने दी है ।
उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त 45 कमरों के गौरी भवन कन्या छात्रावास का निर्माण मुकेश शर्मा संस्थापक अध्यक्ष प्रोमीथियस विद्यालय नोएडा द्वारा कराया गया है जिसमें एक साथ 125 छात्राएं रह सकती है, इस अवसर पर नवधा सभागार में आयोजित ई- लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मुख्य वक्ता राजकुमार मटाले अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ होंगे और आशीर्वचन निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ० स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज एवं विजय कौशल महाराज अंतराष्ट्रीय रामकथा मर्मज्ञ श्रीधाम वृंदावन का प्राप्त होगा, लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व गौ विज्ञान अनुसंधान केंद्र पर प्रातः 10:30 से दोपहर 12: 30 तक हवन, गृह प्रवेश एवं पूजन कार्यक्रम होंगे।
प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य डॉ0 अनुराग शर्मा ने बताया कि पं० दीनदयाल औषधि उद्यान में विभिन्न प्रकार की औषधियों को उगाया जाएगा, इन औषधियों का इस्तेमाल फार्मेसी एवं अन्य आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण में भी किया जाएगा। पं० दीनदयाल पशु चिकित्सालय में पशुओं का आयुर्वेदिक तरीके से इलाज किया जाएगा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत के प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने बताया कि कामधेनु प्रसार केंद्र सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाओं से बना आधुनिक स्टूडियो होगा, केंद्र पर वीडियो रिकॉर्डिंग, कॉन्फ्रेंसिंग, पॉडकास्टिंग, एजुकेशन इंटरव्यू, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कक्षाएं भी संचालित होंगी, प्रसार केंद्र का अपना ऑनलाइन चैनल रहेगा जिस पर विभिन्न प्रकार के विषयों के संबंध में ज्ञानवर्धक जानकारियां उपलब्ध रहेंगी, दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल ने बताया कि बुनकर प्रशिक्षण केंद्र क्षेत्र के आम नागरिकों को ट्रेनिंग देकर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है, अब इस केंद्र पर नवीन रैपियर मशीन लग गई है जिससे कपड़ा बनाया जा रहा है, डिप्टी सीएम आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो हजार लोगों की क्षमता के कन्वेंशन सेंटर और 50 लोगों के रहने की क्षमता के स्टाफ आवास का भी शिलान्यास करेंगे, नरेंद्र पाठक एवं मुकेश शर्मा मीडिया प्रमुख उपस्थित रहे।







.jpeg)









