मुठभेड़ : बदमाशों को लगी पुलिस की गोली, दो गिरफ्तार
मुठभेड़ : बदमाशों को लगी पुलिस की गोली, दो गिरफ्तार
चौमुहां (मथुरा) । जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जैत थाना पुलिस, सर्विलांस और साइबर टीम की संयुक्त टीम को मंगलवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, गांव तरौली मार्ग पर नाले की पटरी के पास हुई एक सनसनीखेज पुलिस मुठभेड़ के दौरान लूट की कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है ।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, बदमाशों के पास से हाल ही में लूटी गई दो बाइकें, बस कंडक्टर से लूटी गई नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं,
यह मुठभेड़ मंगलवार तड़के उस समय हुई जब जैत थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए इलाके में कुछ शातिर लुटेरों के मूवमेंट की पुख्ता सूचना मिली थी, सूचना के आधार पर पुलिस, सर्विलांस और साइबर सेल की टीम ने एसकेएस यूनिवर्सिटी से पहले तरौली मार्ग पर नाले की पटरी के पास कड़ा पहरा और घेराबंदी कर दी ।
इसी दौरान बाइक पर सवार आ रहे दो संदिग्धों को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी, पुलिस टीम ने भी बिना वक्त गंवाए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सीधे महोली निवासी शातिर बदमाश मोहित के बाएं पैर में जा लगी जिससे वह लहूलुहान होकर बाइक समेत जमीन पर गिर पड़ा, वहीं पुलिस की सक्रियता के चलते उसके भागने की कोशिश कर रहे दूसरे साथी अजीत को टीम ने मौके पर ही दौड़ाकर दबोच लिया, पैर में गोली लगने से घायल हुए मोहित को तुरंत इलाज के लिए वृंदावन के सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया, जहां भारी सुरक्षा के बीच उसका उपचार किया जा रहा है ।
पकड़े गए दोनों शातिर लुटेरों के कब्जे से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध असलहा और लूटा गया सामान बरामद किया है, पुलिस को इनके पास से थाना मगोर्रा क्षेत्र से गनपॉइंट पर लूटी गई दो मोटरसाइकिलें, थाना जैत क्षेत्र में कुछ दिनों पहले एक बस कंडक्टर से लूटे गए 2,000 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे (देशी कट्टे), चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए हैं, इन बरामदगियों से पुलिस ने इलाके में हुई कई हालिया लूट की घटनाओं का सफल पर्दाफाश कर दिया है ।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह साफ हुआ है कि दोनों आरोपियों का अच्छा-खासा आपराधिक इतिहास रहा है, मोहित और अजीत के खिलाफ मथुरा के जैत और मगोर्रा थानों में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई संगीन मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं, पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी बेहद शातिर हैं और उत्तर प्रदेश के आगरा सहित पड़ोसी राज्य राजस्थान में भी इनके द्वारा वारदातों को अंजाम देने की इनपुट मिली है जिसकी जांच के लिए पुलिस टीमें वहां के थानों से संपर्क कर रिकॉर्ड खंगाल रही हैं ।
सीओ सदर वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना जैत पुलिस की तरौली नहर पटरी पर रूटीन चेकिंग के दौरान इन संदिग्ध बदमाशों से आमना-सामना हुआ था, पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई पुलिस कार्रवाई में मोहित नाम के बदमाश के पैर में गोली लगी है और उसके साथी अजीत को मौके से गिरफ्तार किया गया है, इनके पास से पूर्व में लूटी गई दो मोटरसाइकिलें, बस कंडक्टर से लूटे गए रुपये, दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं, घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है और दोनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है ।







.jpeg)









