बरेली हाईवे पर पलटा भैंसों से भरा कैंटर, टायर फटने से हुआ हादसा
बरेली हाईवे पर पलटा भैंसों से भरा कैंटर, टायर फटने से हुआ हादसा
मथुरा । थाना राया क्षेत्र में शनिवार को मथुरा-बरेली हाईवे पर भैंसों से भरा एक कैंटर टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, हादसा गांव वृंदावन की नगरिया के पास रेलवे पुल से उतरते समय हुआ, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से भैंसों को सुरक्षित बाहर निकालकर चालक के सुपुर्द कर दिया, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंटर तेज गति से जा रहा था ।
रेलवे पुल से उतरते ही अचानक उसका टायर फट गया जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कैंटर पलट गया, हादसे में कुछ भैंसें घायल हो गईं, जबकि कई भैंसें सड़क किनारे इधर-उधर भागने लगीं, कैंटर चालक कमल ने बताया कि वह महावन पशु पेंठ से 15 भैंसें लेकर अलीगढ़ जा रहा था। रास्ते में अचानक टायर फटने से यह दुर्घटना हो गई। घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक रविंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी भैंसों को पकड़कर चालक के सुपुर्द कर दिया ।
पुलिस के अनुसार हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और मथुरा-बरेली हाईवे पर यातायात सामान्य रहा, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए कि कैंटर में क्षमता से अधिक संख्या में भैंसें ठूंस-ठूंसकर भरी गई थीं, ऐसे में केवल चालक को पशुओं की सुपुर्दगी देकर छोड़ देना कई सवाल खड़े करता है, स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वाहन में पशुओं का परिवहन निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा था या पशुओं के साथ क्रूरता की गई थी तो संबंधित प्रावधानों के तहत जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए थी ।







.jpeg)









