स्वच्छता महाअभियान : नगर निगम क्षेत्र को 10 सेक्टरों में किया विभाजित
स्वच्छता महाअभियान : नगर निगम क्षेत्र को 10 सेक्टरों में किया विभाजित
-नगर आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, दिये दिशा निर्देश
मथुरा । भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त जगप्रवेश ने "हम सब ने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, इस विशेष स्वच्छता, प्रवर्तन, सौंदर्यीकरण एवं जन-जागरूकता महाअभियान में प्रत्येक सेक्टर के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है ।
नगर आयुक्त जगप्रवेश ने बताया कि 22 जून से शुरु हुए इस अभियान "हम सब ने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" के प्रभावी संचालन के लिए नगर क्षेत्र के 70 वार्डों को 10 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, सात वार्ड को मिलाकर एक सेक्टर बनाया गया है, अभियान के दौरान प्रमुख मंदिरों, परिक्रमा मार्गों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थलों व आवासीय क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा ।
सड़क और नालों की सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सेकेंडरी कूड़ा परिवहन, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई, पार्कों की स्वच्छता, मलबा और कूड़ा हटाने, झाड़ियों की कटाई-छंटाई तथा आवश्यकतानुसार फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव कराया जाएगा, साथ ही अभियान के दौरान स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध जुर्माना की कार्रवाई, अवैध डंपिंग स्थलों का निस्तारण तथा यातायात और स्वच्छता में बाधक अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी, जिला प्रशासन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संचालित व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और अनुश्रवण भी सुनिश्चित किया जाएगा, नगर आयुक्त का कहना है कि प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं व पर्यटकों के आगमन को देखते हुए अभियान का उद्देश्य मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता, सौंदर्य और नागरिक सुविधाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखना तथा जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ ब्रज का संकल्प साकार करना है ।







.jpeg)









