पुरानी रंजिश में सरेराह गोलीबारी, एक की हालत गंभीर, भर्ती
पुरानी रंजिश में सरेराह गोलीबारी, एक की हालत गंभीर, भर्ती
चौमुहां (मथुरा) । थाना जैंत क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला जाटान में बीती रात पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, गांव के ही कुछ दबंगों ने घेरकर एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, गोली लगने से ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए सर्वाेदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ।
जानकारी के अनुसार, नगला जाटान निवासी चंद्रपाल की रात करीब नौ बजे किसी काम से जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही कुछ विरोधी लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया, इससे पहले कि चंद्रपाल कुछ समझ पाते, आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन पर सीधा फायर झोंक दिया, गोली सीधे चंद्रपाल को लगी और वह लहुलूहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े, गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़े, हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना थाना जैंत पुलिस को दी और घायल चंद्रपाल को लेकर सर्वाेदय अस्पताल ले भागे, डॉक्टरों ने घायल का तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया है लेकिन हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही थाना जैंत पुलिस और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिया है, इस मामले में घायल चंद्रपाल के परिजनों द्वारा थाने में नामजद तहरीर दी गई है, पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है, घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुरानी रंजिश के कोण पर पुलिस गहनता से तफ्तीश कर रही है ।
क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि नगला जाटान गांव में पुरानी रंजिश के कारण चंद्रपाल नाम के व्यक्ति पर गोली चलाए जाने की सूचना मिली थी, पीड़ित का इलाज अस्पताल में चल रहा है, परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, घटना में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे ।







.jpeg)







