पुलिस कस्टडी से भागने की फिराक में 118 मुकदमों का आरोपी घायल
पुलिस कस्टडी से भागने की फिराक में 118 मुकदमों का आरोपी घायल
-ट्रांजिट रिमांड पर ले जा रही थी पुलिस, बदमाश ने कर दी फायरिंग, दरोगा को लगी गोली
मथुरा । जनपद के नौहझील थाना क्षेत्रांतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली पुलिस की हिरासत में जा रहा 118 मुकदमों का आरोपी बाथरूम जाने के बहाने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने लगा, आरोपी ने कांस्टेबल की सर्विस पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, फायरिंग में दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक के बाजू में गोली लग गई, जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया, घायल दरोगा और आरोपी को नौहझील सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है ।
सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ नॉर्थ वेस्ट की टीम पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम से अभियुक्त वसीम अकरम उर्फ लंबू को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले जा रही थी, मंगलवार रात करीब सवा 12 बजे टीम नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 63-64 के बीच गांव कटैलिया के समीप पहुंची, इसी दौरान आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही, दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल और उपनिरीक्षक अजय कुमार उसे वाहन से उतारकर बाथरूम कराने सड़क किनारे ले जा रहे थे, इसी बीच आरोपी ने मौका पाकर कांस्टेबल की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया, अचानक हुई फायरिंग में उपनिरीक्षक अजय कुमार के बाजू में गोली लग गई जिससे वह घायल हो गये, इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी वसीम अकरम उर्फ लंबू के पैर में गोली लगी और घायल होकर वहीं गिर गया, पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया ।
सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि आरोपी वसीम अकरम उर्फ लंबू को दिल्ली पुलिस नंदीग्राम,पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर दिल्ली ले जा रही थी, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 118 प्राथमिकी दर्ज हैं, उसकी 13 अगस्त को अदालत में पेशी होनी थी, इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर बाथरूम जाने के बहाने उसने पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीनकर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया, घटना की सूचना मिलने के बाद नौहझील थाना प्रभारी अंजीश कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये, पुलिस ने घायल उपनिरीक्षक अजय कुमार और आरोपी वसीम अकरम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भिजवाया, चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया, फिलहाल दोनों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है ।







.jpeg)







